भारत जोड़ो नहीं, गांधी परिवार बचाओ आंदोलन कर रही कांग्रेस : भाजपा

Sep 03 2022

भारत जोड़ो नहीं, गांधी परिवार बचाओ आंदोलन कर रही कांग्रेस : भाजपा

नई दिल्ली । नेशनल हेराल्ड मामले में जवाहरलाल नेहरू के जमाने से ही भ्रष्टाचार और गलत तरीके से फंडिंग का आरोप लगाते हुए भाजपा ने कांग्रेस के भारत जोड़ो आंदोलन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह 'गांधी परिवार बचाओ' आंदोलन है और भारत को केवल वही जोड़ सकता है जो भ्रष्टाचार छोड़ सकता हो। भाजपा ने आंदोलन शुरू करने से पहले राहुल गांधी से इन तमाम आरोपों पर पहले जवाब देने की मांग की है। भाजपा ने आईएनएस विक्रांत को लेकर भी कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे और उत्तर प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री रह चुके चंद्रभानु गुप्ता की किताब का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की तरफ से चार बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके चंद्रभानु गुप्ता की जीवनी में यह खुलासा हुआ है कि किस प्रकार से 60 के दशक से ही नेशनल हेराल्ड को कांग्रेस का फंड गलत तरीके से ट्रांसफर किया जा रहा था। उस समय जवाहरलाल नेहरू को इस कंपनी का डायरेक्टर बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं को जबरदस्ती दबाव में आकर अपने शेयर बेचने पड़े थे।

पात्रा ने कांग्रेस के दिवंगत नेता चंद्रभानु गुप्ता की किताब में लिखे तथ्यों का जिक्र करते हुए कहा कि गुलाम नबी आजाद जैसे कई नेता उस समय भी कांग्रेस में थे जो सच सामने रखते थे। उन्होंने कहा कि किताब में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा है, "यह अखबार केवल एक परिवार के महिमामंडन के लिए ही है और इसकी फंडिंग में भी गड़बड़ है और कांग्रेस को मिले चंदे को गलत तरीके से नेशनल हेराल्ड को ट्रांसफर किया गया। इस मामले की अगर जांच हो जाए तो बहुत बड़ा घोटाला निकल कर सामने आएगा। परिवार के खिलाफ बोलने वाले लोगों के खिलाफ यह अखबार मुहिम चलाने का भी काम करता है।"

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के भारत जोड़ो आंदोलन और रैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत केवल वही जोड़ सकता है जो भ्रष्टाचार छोड़ सकता हो। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों जमानत पर है, उनसे पूछताछ के दौरान कांग्रेस ने देशभर में दंगा फैलाने का षड्यंत्र रचा था और संसद की कार्यवाही को भी ठप्प करने का प्रयास किया था। कांग्रेस का यह आंदोलन भारत को जोड़ने के लिए नहीं बल्कि गांधी परिवार को बचाने का आंदोलन है।

आईएनएस विक्रांत को भारतीय स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने इंडियन नेवी के फ्लैग में से ब्रिटिश निशानी को हटा दिया था, लेकिन बाद में सोनिया गांधी के आग्रह पर इसे फिर से लगा दिया गया। कांग्रेस परिवार और सोनिया गांधी को यह बताना चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।