अलीगढ़: नरेन्द्र मोदी ने किया राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास

Sep 14 2021

अलीगढ़: नरेन्द्र मोदी ने किया राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास
file photo

india emotions, अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अलीगढ़ पहुंच कर डिफेंस कॉरिडोर के नोड और राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए अपने भाषण की शुरूआत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास ऐसे राष्ट्र भक्तों से भरा पड़ा है। ऐसे आजादी के दिवानों ने अपना सब कुछ खपा दिया, लेकिन ये देश का दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और नायिकाओं की तपस्या से देश की अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गई। 20 वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी में सुधार रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा अलीगढ़ का ताला देश नही दुनिया में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा बचपन में अलीगढ़ के मुस्लिम शख्स हमारे गांव ताला बेचने जाते थे। वो ताला व्यापारी हमारे घर रुकते थे। वो व्यपारी काला जाकेट पहन कर हमारे गांव जाते थे। मेरे पिता जी दुकानदारों पर बाकी पैसा वसूल कर उनको देते थे।

प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उनके कहा, प्रदेश में योगी जी सरकार में भष्टाचार पर लगाम लगा है और गुण्डा माफिया जेल में हैं। लोग अपने को आज सुरक्षित महसूस करते हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना की वैक्सीन के टीके अभी तक लगाये जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री किसानों की बात करते हुए कहा, कि केन्द्र सरकार छोटे-छोटे किसानों सशक्त कर रहे हैं। यूपी में बीते चार साल में गन्ना किसानों काफी भुगतान किया गया है। किसानों का आनाज सबसे ज्यादा एमएसपी पर खरीदा गया है। लम्बे भाषण के अंत में प्रधानमंत्री ने एक नारा वहां मौजूद लोगों से लगवाया। वह बोले राजा महेन्द्र प्रताप सिंह तो भीड़ बोली अमर रहे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। कहा कि सहारनपुर में भी एक राज्य विश्वविद्यालय प्रस्तावित है। इसे महारानी के नाम पर खोला जाएगा। इसके अलावा मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने जा रहे हैं। योगी ने कहा, 2017 में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी।

फरवरी 2018 में मोदी ने पहले इंवेस्टर समिट का उद्घाटन किया था। आज उसका परिणाम है कि देश के अंदर यूपी में 3 लाख करोड़ का निवेश हुआ। युवाओं को अपने ही घर और जनपद में रोजगार की सुविधा उपलब्ध हो पाई। उसी समय प्रधानमंत्री ने डिफेंस कॉरिडोर का शिलान्यास किया था। आज उसका एक नोड अलीगढ़ में शुरू हो रहा है।

आजादी की लड़ाई में इस क्षेत्र का नेतृत्व करने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह को कभी याद नहीं किया गया। आज उनकी स्मृति में एक राज्य विश्वविद्यालय खोला जा रहा है। डिफेंस कॉरिडोर और राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय उन्हें आजादी के आंदोलन को हमेशा याद दिलाएगा।

राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला प्रधानमंत्री रखा है। इससे अलीगढ़ और आस-पास के करीब 2.5 लाख से ज्यादा छात्रों को सीधे तौर पर फायदा होगा। अभी तक ये छात्र डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से संबद्ध कॉलेजों में पढ़ते हैं।

अब अलीगढ़ में नया विश्वविद्यालय खुलने से इन छात्रों को कई तरह का फायदा मिलेगा। छात्रों को छोटे-छोटे काम के लिए आगरा नहीं जाना पड़ेगा। प्रस्ताव के मुताबिक, राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में कई तरह के प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए जाएंगे। इस विश्वविद्यालय से अभी 395 कालेजों को संबद्ध किया जाएगा।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इसके कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। पीएम मोदी के इस दौरे से BJP ने 100 सीटों पर फोकस किया है।
पश्चिमी यूपी के जाट और ओबीसी वोटर्स को अपने पाले में करने की कोशिश होगी। इसी के साथ यूपी के विकास का नया मॉडल भी प्रधानमंत्री पेश कर सकते हैं।