10-12 और विधायक इस्तीफा देंगे, सब स्वाहा: मौर्य

Jan 12 2022

10-12 और विधायक इस्तीफा देंगे, सब स्वाहा: मौर्य

इंडिया इमोशंस, लखनऊ। बसपा से चार बार तथा भाजपा से एक बार विधायक स्वामी प्रसाद मौर्य ने मीडिया से कहा कि आगे की धार और आगे की वार देखते रहिए। अभी तो भाजपा से 10 से 12 और विधायक इस्तीफा देंगे। इसके बाद मैं एक या दो दिन में पूरी स्थिति से मीडिया को रूबरू कराउंगा कि आगे मुझे क्या करना है। कहा कि प्रदेश में किसान, दलित और नौजवानों के साथ जो व्यवहार हो रहा है वह बर्दाश्त नहीं है। मैंने मंत्रिमंडल के साथ बाहर भी मंत्रियों से बात की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में बिना सम्मान के भाजपा में नहीं रह सकता था। उन्होंने कहा कि इस्तीफे से पहले उन्होंने सुनील बंसल और डिप्टी सीएम से बात की। कहा कि जिन नेताओं को घमंड था कि वो बहुत बड़े तोप हैं उस तोप को मैं 2022 के चुनाव में ऐसा दागूंगा, ऐसा दागूंगा कि उस तोप से सब स्वाहा हो जाएंगे।

।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।।

स्वामी प्रसाद मौर्य का इस्तीफा जल्दबाजी का है। मौर्य जी ने किन कारणों से इस्तीफा दिया है, मैं नहीं जानता हूं। उनसे अपील है कि बैठकर बात करें, जल्दबाजी में लिए हुये कई फैसले अक्सर गलत साबित होते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य

(डिप्टी सीएम)

स्वामी प्रसाद मौर्य का समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेना विनाशकाले विपरीत बुद्धि जैसा है। अखिलेश यादव की की डूबती नाव की सवारी स्वामी प्रसाद के लिए तो राजनैतिक आत्महत्या जैसा आत्मघाती निर्णय साबित होगा। भाजपा राष्ट्र को सर्वोपरि मानने वाली विचारधारा का नाम है।

नंद गोपाल गुप्ता नंदी

(कैबिनेट मंत्री)

'स्वामी प्रसाद मौर्य पहले बसपा छोड़कर भाजपा में आए थे और अब उन्होंने भाजपा को छोड़कर सपा में जाने का निर्णय लिया है। तो ये उनकी मर्जी है लेकिन उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने से न भाजपा को नुकसान होगा और न ही समाजवादी पार्टी को फायदा होगा।'

रामदास अठावले

(केन्द्रीय मंत्री)