BJP ने UP की भदोही सीट से डॉ. विनोद कुमार बिंद को उम्मीदवार बनाया

Apr 11 2024

BJP ने UP की भदोही सीट से डॉ. विनोद कुमार बिंद को उम्मीदवार बनाया

India Emotions, Lucknow. BJP ने उत्तर प्रदेश की भदोही सीट से अपने उम्मीदवार का एलान कर दिया है। BJP ने भदोही से डॉ. विनोद कुमार बिंद को अपना उम्मीदवार बनाया है। बिंद अभी मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट से निषाद पार्टी के विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में SP ने उन्हें भदोही जिले की ज्ञानपुर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। बिंद मझवां सीट से टिकट मांग रहे थे, लेकिन ज्ञानपुर से टिकट मिलने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी और निषाद पार्टी के टिकट पर मझवां से उम्मीदवार बन गए।

विनोद बिंद का टीएमसी के ललितेशपति त्रिपाठी से मुकाबला
चंदौली के रहने वाले बिंद को अब BJP ने भदोही से टिकट दिया है। डॉ. विनोद कुमार बिंद चंदौली जिले के धानापुर के रहने वाले हैं। वह पेशे से चिकित्सक हैं। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में इनका अस्पताल भी संचालित होता है। भदोही में बिंद का मुकाबला टीएमसी के टिकट पर लड़ रहे ललितेशपति त्रिपाठी से होगा। ललितेश SP-CONG गठबंधन के उम्मीदवार हैं। SP ने ये सीट टीएमसी को दी है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र ललितेशपति त्रिपाठी कांग्रेस के टिकट पर मिर्जापुर की मड़िहान सीट से विधायक रह चुके हैं।

इसके साथ ही BJP राज्य की 71 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कैसरगंज, रायबरेली, देवरिया और फिरोजाबाद सीटों पर अभी उम्मीदवार घोषित होना बाकी है। वहीं पांच सीटें BJP ने अपने सहयोगी दलों को दे रखी हैं। कैसरगंज में मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के टिकट पर संशय बरकररार है। हालांकि बृजभूषण अपना प्रचार शुरू कर चुके हैं।

BJP ने UP की सात सीटों पर किया था उम्मीदवारों का एलान
इससे पहले बुधवार को BJP ने नौ उम्मीदवारों की दसवीं सूची जारी की थी। इनमें सात उम्मीदवार उत्तर प्रदेश की सीटों के थे। दसवीं सूची में जिन सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया गया, उनमें मैनपुरी, कौशांबी, फूलपुर, इलाहाबाद, बलिया, मछलीशहर, गाजीपुर शामिल हैं। BJP ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और SP उम्मीदवार डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं बलिया से पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कौशांबी से पार्टी ने विनोद सोनकर, फूलपुर से प्रवीण पटेल, इलाहाबाद से नीरज त्रिपाठी, मछलीशहर से बीपी सरोज और गाजीपुर सीट से पारस नाथ राय को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।