मतदान के 10 दिन पहले सभी को टीके की कम से कम एक डोज लग जाय : मुख्यमंत्री

Jan 11 2022

मतदान के 10 दिन पहले सभी को टीके की कम से कम एक डोज लग जाय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने की टीम-9 की बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा

india emotions, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर टीकाकरण कार्य को और तेज किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि घोषित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध रूप से जनपदों को चिन्हित करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदान तिथि के 10 दिवस पहले सम्बन्धित जनपद के प्रत्येक पात्र नागरिक को टीके की कम से कम एक डोज प्राप्त हो जाए। उन्होंने इस नवीन नीति के क्रम में विस्तृत कार्य योजना अविलम्ब तैयार कर प्रस्तुत किये जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सोमवार को यहां अपने सरकारी आवास पर टीम-9 की बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी शासकीय व निजी कार्यालयों में एक समय में 50 प्रतिशत कार्मिकों की भौतिक उपस्थिति की व्यवस्था लागू की जाए। यह व्यवस्था आवश्यक सेवाओं से सम्बन्धित कार्यालयों पर लागू नहीं होगी। आवश्यकतानुसार वर्क फ्रॉम होम संस्कृति को प्रोत्साहित किया जाए। निजी क्षेत्र के कार्यालयों में सेवारत कोई कर्मचारी यदि कोविड पॉजिटिव होता है तो उसे भी न्यूनतम 7 दिनों का वेतन सहित अवकाश अनुमन्य कराया जाए। सभी कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना अनिवार्य रूप से करायी जाए। बिना स्क्रीनिंग किसी को प्रवेश न दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों का मानना है कि यह वैरिएंट पूर्व के वैरिएंट्स की तुलना में बहुत कम नुकसानदेह है। बहुत कम संख्या में लोगों को अस्पताल मे भर्ती होने की जरूरत पड़ रही है। कोविड के खिलाफ वैक्सीन सुरक्षा कवच है। वैक्सीन का सुरक्षा कवच प्राप्त कर चुके स्वस्थ और सामान्य व्यक्तियों के लिए यह वैरिएंट बड़ा खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन की उपयोगिता को देखते हुए जल्द से जल्द सभी पात्र लोगों का टीकाकरण किया जाए। 15 से 17 वर्ष के किशोर बच्चों के टीकाकरण के दृष्टिगत अधिक से अधिक स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किये जाएं।

कोरोना संक्रमण के 8,334 नए मामले सामने आए

मुख्यमंत्री को बताया गया कि पिछले 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 8,334 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 335 व्यक्तियों को सफल उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 33,946 है। 24 घण्टे में प्रदेश में 2 लाख 1 हजार 465 कोरोना टेस्ट किए गए। अब तक राज्य में 9 करोड़ 48 लाख 53 हजार 350 कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं।

राज्य में बीते दिन तक 21 करोड़ 38 लाख 75 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। 7 करोड़ 91 लाख 46 हजार से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड सुरक्षा कवच प्रदान किया जा चुका है। 13 करोड़ 47 लाख 29 हजार से अधिक लोगों ने कोविड वैक्सीन की पहली डोज प्राप्त कर ली है। यह संख्या टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की कुल आबादी की 83.46 प्रतिशत है।