प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव 2022 का महिलाओं के लिए अलग से जारी किया घोषणा-पत्र

Dec 08 2021

प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव 2022 का महिलाओं के लिए अलग से जारी किया घोषणा-पत्र

india emotions, लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी आरक्षण देने सहित शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा के मद्देनजर कई बड़ी घोषणाएं की। इस नये फार्मूले से प्रियंका गांधी ने महिलाओं को लुभाने की भरपूर कोशिश की है।

प्रियंका गांधी ने आज मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही देश को पहली महिला प्रधानमंत्री दिया। अब जरूरी है कि महिलाओं को राजनीति में भी हिस्सेदारी दी जाए। ये काम कांग्रेस पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 40 प्रतिशत सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन संसद व विधानसभाओं में महिलाओं की 50 फीसदी हिस्सेदारी होगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी चुनाव 2022 के लिए महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया है। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी आरक्षण देने सहित कई बड़ी घोषणाएं की।

ये बड़ी घोषणाएं-

= सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।

= पुलिस विभाग में 25 प्रतिशत महिलाओं को नौकरी दी जाएगी। हर थाने में महिला सिपाही की तैनाती की जाएगी।

=सुरक्षा के विशेष अधिकार प्राप्त छह सदस्यीय आयोग का होगा गठन।

=प्रदेश के 25 शहरों में अत्याधुनिक छात्रावास बनाए जाएंगे।

= बीमारी के लिए 10 लाख रुपये तक की इलाज की व्यवस्था होगी।

= राज्य भर में वीरांगनाओं के नाम प 75 दक्षता विद्यालय खोले जाएंगे।

=12वीं पास छात्राओं को स्मार्ट फोन दिया जाएगा व ग्रेजुएट छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी।

= महिलाओं को सरकारी बसों में फ्री यात्रा की अनुमति।

= मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता देंगे।

= हर जिले में महिलाओं की सहायता के लिए तीन सदस्यीय मुफ्त कानूनी सहायता का एलान। सलाह के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा।

= प्रदेश में नए प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खोले जाएंगे साथ ही सभी सीएचसी में महिलाओं के लिए अलग केंद्र खोले जाएंगे।

= 50 प्रतिशत महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्यम को कर में छूट मिलेगी।