केजीएमयू के नाराज कर्मचारियों ने वित्त नियंत्रक को दो घंटे तक उनके कमरे में बंधक बनाया

Apr 27 2022

केजीएमयू के नाराज कर्मचारियों ने वित्त नियंत्रक को दो घंटे तक उनके कमरे में बंधक बनाया

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में शासनादेश पर अमल न होने से नाराज कर्मचारियों ने वित्त नियंत्रक का घेराव किया। दो घंटे तक उन्हें कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया। इसकी वजह से वह कई बैठकों में वो शामिल नहीं हो सके।
मिली जानकारी के मुताबिक केजीएमयू कर्मचारी परिषद के नेतृत्व में कर्मचारी मंगलवार को करीब 12 बजे वित्त नियंत्रक कार्यालय पहुंचे। उस वक्त वित्त नियंत्रक विनय कुमार राय कमरे में मौजूद थे। कर्मचारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कर्मचारियों को बुलाया और समझाने की कोशिश की। लेकिन कर्मचारी नहीं माने। नाराज कर्मचारियों का हंगामा बढ़ता गया। इस दौरान वित्त नियंत्रक बाहर आने की कोशिश करने लगे। पर, कर्मचारियों ने उन्हें बाहर ही नहीं आने दिया। करीब दो घंटे तक वह कमरे में बंधक बने रहे।
कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष प्रदीप गंगवार के मुताबिक दो घंटे तक वित्त नियंत्रक को बाहर नहीं आने दिया गया। उन्होंने कहा कि शासन ने कर्मचारियों के सात कैडर के पुनर्गठन का आदेश जारी किया। पर, केजीएमयू के अधिकारी मनमर्जी पर अमादा है। आदेश को अपने हिसाब से अमल में लाना चाह रहे हैं। एक साल बाद भी कर्मचारियों के कैडर के पुनर्गठन पर कोई फैसला नहीं कर पाए। अफसरों की सुस्ती का खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। कर्मचारियों को पीजीआई के समान वेतन-भत्ते नहीं मिल पा रहे हैं। इसी प्रकार बड़ी संख्या में कर्मचारियों के कैडर का पुनर्गठन बाकी है। दो बजे कर्मचारियों ने आन्दोलन खत्म करने के बाद कामकाज सामान्य हुआ।