RUSSIA: प्रधानमंत्री मोदी बोले, भारत और रूस मिलकर स्पेस की दूरियां पार करेंगे

Sep 05 2019

RUSSIA: प्रधानमंत्री मोदी बोले, भारत और रूस मिलकर स्पेस की दूरियां पार करेंगे

इंडिया इमोशंस न्यूज व्लादिवोस्तोक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Narendra Modi) रूस के व्लादिवोस्तोक में ईस्टर्न इकॉनोमिक फोरम में भाग लेते हुए कहा है कि मैं राष्ट्रपति पुतिन का बहुत अाभारी हूं। भारत और रूस के रिश्ते भरोसे से बंधे हुए हैं। PM मोदी ने इस दौरान रूस के इस पूर्वी हिस्से के सभी 11 गवर्नरों को भारत आने का न्योता दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत-रूस के संबंध ऐतिहासिक मुकाम पर हैं। भारत और रूस मिलकर स्पेस की दूरियां पार करेंगे और समंदर की गहराइयों को मापेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही चेन्नई और व्लादिवोस्तोक के बीच शिप चलेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरी सरकार एक्ट ईस्ट मिशन पर काम कर रही है। भारत और रूस के बीच करीब 50 से अधिक समझौते हुए हैं। भारत प्रकृति को बचाने के लिए कई कदम उठा रहा है।पूर्वी हिस्से में विकास के लिए भारत 1 बिलियन डॉलर का लाइन ऑफ क्रेडिट देगा।

ईस्टर्न इकॉनोमिक फोरम (EEF) में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने इस कार्यक्रम के लिए मुझे भारत में चुनाव से पहले ही निमंत्रण दे दिया था। 130 करोड़ लोगों ने मुझपर भरोसा जताया । प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति पुतिन के साथ रूस की प्रतिभा को जानने का मौका मिला, जिसने मुझे बहुत प्रभावित किया है। भारत और पूर्वी हिस्से का रिश्ता बहुत पुराना है, भारत पहला देश है जिसने यहां पर अपना दूतावास खोला है। मोदी ने कहा कि सोवियत रूस के वक्त भी भारत-रूस का रिश्ता मजबूत था। व्लादिवोस्तोक दोनों देशों के लिए एक अहम स्थान बना है, भारत ने यहां पर एनर्जी सेक्टर और दूसरे रिसॉर्स में निवेश किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि व्लादिमीर पुतिन की रूस के इस हिस्से के लिए रुचि काफी ज्यादा है, जो उनकी नीति में झलकती है। भारत कदम से कदम मिलाकर रूस के साथ चलना चाहता है। भारत में हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं, 2024 तक भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर बनाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और रूस के साथ आनेपर विकास की रफ्तार को 1+1= 11 बनाने का मौका है। हाल ही में हमारे देश से कई नेता यहां पर आए और कई विषयों पर चर्चा की।

ईस्टर्न इकॉनोमिक फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि भारत, चीन, रस, कोरिया, मलेशिया, जापान, मंगोलिया जैसे देशों के साथ हमारा साथ अटूट बना हुआ है। एशिया पैसेफिक रीजन के देशों का आने वाले दशकों में दुनिया में बड़ा प्रभाव होगा। यहां पर उनके साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी मौजूद हैं। इस कार्यक्रम में जापान, मालदीव, मलेशिया के पीएम भी मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय बिजनेस पवेलियन का दौरा किया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मलेशिया के पीएम महातिर बिन मोहमम्द से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने विवादित मुस्लिम धर्मगुरु जाकिर नाइक को लेकर मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद से बात की। इस दौरान उन्होंने जाकिर नाइक के भारत प्रत्यर्पण पर बात कही। इस दौरान ये तय हुआ है कि दोनों देशों के बीच अधिकारी लगातार इस मुद्दे पर बात करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री की मुलाकात की जानकारी देते हुए विदेश सचिव विजय गोखले ने बताया कि मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद से द्विपक्षीय वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने जाकिर नाइक का मुद्दा उठाया। दोनों देशों में तय हुआ है कि अब अधिकारी इस मसले पर लगातार संपर्क में रहेंगे।