तालिबान का नया फरमान, हटाए जाएंगे महिलाओं वाले ऐड होर्डिंग्स और साइनबोर्ड्स

Dec 22 2021

तालिबान का नया फरमान, हटाए जाएंगे महिलाओं वाले ऐड होर्डिंग्स और साइनबोर्ड्स

अफगानिस्तान में सरकार चला रहे तालिबान ने अब दुकानों के सामने महिलाओं की तस्वीरों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। टोलो न्यूज की रिपोर्ट बताती है कि काबुल नगर पालिका के प्रवक्ता नेमातुल्लाह बरकजई ने कहा कि सरकार ने नगर पालिका के अधिकारियों को काबुल में दुकानों और बिजनेस सेंटर के साइनबोर्ड पर महिलाओं की सभी तस्वीरें हटाने का आदेश दिया है।

बराकजई ने कहा है कि सरकार के फैसले के आधार पर जो तस्वीरें इस्लामी नियमों के खिलाफ हैं, उन्हें हटाया जाएगा। काबुल में ब्यूटी सैलून के मालिकों ने तालिबान के इस फैसले की आलोचना की है और तालिबान से उनके बिजनेस पर प्रतिबंध नहीं लगाने की अपील की है।

महिलाओं को हाशिए पर रख रहा तालिबान
मेकअप आर्टिस्ट शायस्ता सैफी सात साल तक ब्यूटी सैलून में काम कर चुकी हैं। शायस्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि अपने 10 सदस्यीय परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं। महिलाओं के काम पर प्रतिबंध लग रहा है। हमें डर है कि वे अगले कुछ दिनों में हमारी दुकान बंद कर देंगे। उन्होंने पूछा है कि महिलाओं की तस्वीरें हटाने से सरकार को क्या फायदा होता है?

दुनिया ने तालिबान से बार-बात महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी न करने और महिलाओं को समाज से हाशिए पर न रखने की अपील है। लेकिन इस कदम को उठाकर तालिबान ने अंतररष्ट्रीय समुदाय की बातों को मानने से साफ इनकार कर दिया है।