युगांडा में तकरीबन 50 विधायक, कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव

Dec 22 2021

युगांडा में तकरीबन 50 विधायक, कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव

कंपाला। हाल ही में पड़ोसी तंजानिया में क्षेत्रीय विधानसभाओं के खेलों में भाग लेने वाले लगभग 50 विधायकों और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये जानकारी युगांडा के संसदीय प्रवक्ता ने दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, क्रिस ओबोर ने मंगलवार को एक ट्वीट में कहा कि विधायक तंजानिया के अरुशा शहर में आयोजित पूर्वी अफ्रीकी समुदाय विधानसभाओं के खेलों से लौट रहे थे।

ओबोर ने कहा, "उनका प्रबंधन स्वास्थ्य मंत्रालय और संसद की स्वास्थ्य टीम द्वारा किया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती होने का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। अरुशा गए अधिकांश लोग सुरक्षित हैं।"

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जनता से कोरोना से बचाव के उपायों का पालन जारी रखने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी है कि संक्रमण दर बढ़ रही है।

मंत्रालय के आंकड़ों से पता चला है कि 18 दिसंबर को किए गए कोरोना टेस्ट के परिणामों ने 357 नए मामलों की पुष्टि की। मार्च 2020 में देश में महामारी फैलने के बाद से पुष्टि मामलों की संख्या बढ़कर 129,676 हो गई है।

सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए कोरोना टीकाकरण को बढ़ा रही है। मार्च में टीकाकरण शुरू होने के बाद से अब तक लगभग 1 करोड़ टीकों की खुराक दी जा चुकी है। (आईएएनएस)