J&K : वायुसेना के जवानों ने तवी नदी में फंसे 2 लोगों की बचाई जान

Aug 19 2019

J&K : वायुसेना के जवानों ने तवी नदी में फंसे 2 लोगों की बचाई जान

इंडिया इमोशंस न्यूज नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में बीते दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। बाढ़ में फंसे लोगों की जान-माल को बचाने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) और सेना की मदद ली जा रही है।

केरल में अब तक बारिश के कारण होने वाली परेशानियों से 121 लोगों की मौत हो गई। वहीं उत्तरकाशी बादल फटने से 17 लोगों की मौत हो गई। वहीं दूसरी तरफ, यमुना और उसकी अन्य सहायक नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।

इस बीच जम्मू कश्मीर में दिल दहला देने वाले मंजर की तस्वीरें सामने आई हैं। सोमवार को अचानक जम्मू की तवी नदी का जल स्तर बढ़ गया। अचानक नदी का बहाव तेज हो गया जिसके कारण 2 लोग निर्माणाधीन पुल पर फंस गए। जम्मू (JAMMU) वायुसेना के जवानो ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर के तवी नदी ( Tawi River) में फंसे 2 लोगों को बचा लिया। सेना के जवानो द्वारा दोनों लोगों की जान बचाने का वीडियो सामने आया है।

दरअसल, निर्माणाधीन पुल के पास दो लोग उस वक्त फंस गए जब अचानक नदी का बहाव तेज हो गया। जिसके बाद वायु सेना ने हेलिकॉप्टर से दोनों का रेस्क्यू किया। इस दौरान वायु सेना रेस्क्यू करने पहुंची तो ऑपरेशन के दौरान रस्सी टूट गई। लेकिन किसी प्रकार की कोई हानि नहीं हुई और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

वायुसेना ने अपने इस के अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि हमे 12.00 बजे इस बात की जानकारी मिली थी कि कुछ लोगों को रेस्क्यू किया जाना है। जिसके बाद 12.29 के करीब हेलीकाप्टर वहां पहुंच गई। जहां गरुण कमांडो की मदद से लोगों को आसानी से बचा लिया गया।

गौरतलब हो कि यमुना नगर में यमुना नदी पर बने हथिनी कुंड बैराज में जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में पहुंचने से पहले उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई नदी-नाले भी यमुना के जलस्तर में वृद्धि कर रहे हैं।

 

 

(वीडियो साभार : टाइम्स नाऊ)