राज्यपाल से मिले सीएम योगी, मंत्रिमंडल विस्तार की आहट फिर हुई तेज

May 27 2021

राज्यपाल से मिले सीएम योगी, मंत्रिमंडल विस्तार की आहट फिर हुई तेज
तारीख का निर्धारण नहीं फिर भी राजवन में तैयारियां शुरू

India Emotions, Lucknow.  मंत्रिपरिषद विस्तार और फेरबदल की आहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार की शाम राजभवन जाकर राज्यपाल आंनदी बेन पटेल से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब बीस मिनट की मंत्रणा हुई और फिर सीएम योगी अपने सरकारी आवास लौट आये। वैसे तो इसे शिष्टाचारिक भेंट बताया गया है लेकिन इस मुलाकात से मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर चल रही अटकलों को और बल मिला है।

यूपी के साथ ही मध्य प्रदेश के राज्यपाल का भी दायित्व निभा रहीं आनंदीबेन पटेल 10 म‌ई को यहां से मध्यप्रदेश ग‌ईं थी। करीब 17 दिनों बाद वह गुरुवार सुबह वापस लखन‌ऊ आयी। दस मई से भोपाल में प्रवास कर रही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिन में 12 बजे राजभवन के अधिकारियों ने भेंट की। राज्यपाल ने देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की है। वैसे तो इसे शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है क्योंकि अमुमन महीने में दो बार मुख्यमंत्री, राज्य पाल से मिलते हैं। चूंकि पिछले 17 दिनों से राज्यपाल यहां नहीं थी इसलिए उनके लखनऊ पहुंचते ही मुख्यमंत्री उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के बीच भेंट को मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं से जोड़ कर भी देखा जा रहा है।

विदित हो कि पिछले दिनों दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक के बाद से योगी मंत्रिमंडल और प्रदेश भाजपा संगठन में फेरबदल की चर्चा जोरों पर है। वायरल चर्चाओं के केंद्र में मोदी के करीबी अरविंद शर्मा हैं। नौकरशाही छोड़ भाजपा में शामिल होने के बाद जिस तरह से उन्हें एम‌एलसी बनाया गया उससे यही चर्चा चारों तरफ है कि उन्हें योगी मंत्रिमंडल में डिप्टी सीएम बनाकर अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही मंत्रियों के रिक्त छह पदों को भरने के लिए कुछ और फेरबदल संगठन में भी हो सकता है।

जानकारों का कहना है कि अभी राज्यपाल को शनिवार तक भोपाल में रहना था। उनकी इस तरह से वापसी को लेकर 2022 के चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश सरकार का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार के कयास भी तेज हो गए हैं। संघ सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले के लखनऊ आने और बैठकों के बाद वापस जाने के बाद मुख्यमंत्री का राज्यपाल से मिलना और राज्यपाल का अपने कार्यक्रम निरस्त करके तत्काल राजधानी पहुंचना यह दर्शाता है कि प्रदेश में अर्थात कुछ तो बड़ा बदलाव होने वाला है। माना जा रहा है उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार अगले एक-दो दिनों में होगा। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार की अभी कोई तारीख तय नहीं है लेकिन राजभवन ने तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।