कोरोना पर मुंबई से आज 2 गुड न्यूज, वीकेंड लॉकडाउन का है असर?

Apr 12 2021

कोरोना पर मुंबई से आज 2 गुड न्यूज, वीकेंड लॉकडाउन का है असर?

वीकेंड लॉकडाउन के बाद अचानक मुंबई में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई है। सोमवार को कई दिनों बाद यहां 7 हजार से कम केस सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में मुंबई में 6905 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए तो 43 लोगों की मौत हुई है। राहत की बात यह भी है कि राज्य में आज जितने केस सामने आए उससे अधिक लोग रिकवर हुए हैं।

मुंबई में 6905 नए केसों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या यहां 5,27,119 हो चुकी है। वहीं, 9037 लोगों की रिकवरी के बाद यहां एक्टिव केस में मामूली गिरावट आई है। अब यहां एक्टिव केस 90,267 हैं। आर्थिक राजधानी में कोरोना वायरस ने 43 और लोगों की जान ले ली है। अब तक यहां कुल 12,060 लोगों की मौत हो चुकी है।

एक दिन पहले ही मुंबई में करीब 10 हजार केस सामने आए थे। मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में संपूर्ण लॉकडाउन की तैयारी के बीच शुक्रवार शाम से आज सुबह 7 बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था। माना जा रहा है कि कोरोना केसों में कमी की एक वजह यह भी हो सकती है।