22 जनवरी को शेष स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन, दूसरी डोज 15 फरवरी को

Jan 17 2021

22 जनवरी को शेष स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन, दूसरी डोज 15 फरवरी को

India Emotions, Lucknow. उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि कल 16 जनवरी, 2021 को कोविड वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों को लगाने की कार्यवाही की गयी थी तथा 22 जनवरी को शेष स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने की कार्यवाही की जायेगी। वैक्सीनेशन के सम्बंध में किसी भी प्रकार का भ्रम न रखें। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन एवं क्रम के अनुसार कोविड वैक्सीनेशन का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार का कोई भी बदलाव नहीं किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मार्च, 2020 में जहां कोविड-19 की टेस्टिंग 72 प्रतिदिन हो रही थी, उसे बढ़ाकर 1,80,000 प्रतिदिन किया गया। इसके साथ-साथ प्रदेश में सर्विलांस का नया प्रयोग कर प्रत्येक परिवार तक पहंुच कर उनका हालचाल लेते हुए कोविड संक्रमण के लक्षण की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 2.62 करोड़ से अधिक कोविड-19 के टेस्ट तथा 15.20 करोड़ से अधिक लोगों से सम्पर्क कर कोविड संक्रमण की जानकारी ली गयी है।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कुल 317 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है जिसमें कल 22,643 डाॅक्टर/स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगाई गई तथा शेष स्वास्थ्य कर्मियों को 22 जनवरी को वैक्सीन लगायी जायेगी। उन्होंने बताया कि वैक्सीन की दूसरी डोज 15 फरवरी, 2021 को लगाई जायेगी।
श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,28,073 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2,62,14,905 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 404 नये मामले आये हैं। प्रदेश में 8881 कोरोना के एक्टिव मामलों में से 3210 लोग होम आइसोलेशन में हैं। 3,49,456 लोग होम आइसोलेशन में गये थे जिनमें से 3,46,246 लोगों ने अपनी होम आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर ली है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में विगत 24 घण्टों में 666 तथा अब तक कुल 5,79,071 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। कोविड-19 से रिकवरी का प्रतिशत 97.07 है। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,83,141 क्षेत्रों में 5,07,218 टीम दिवस के माध्यम से 3,12,88,971 घरों के 15,20,60,964 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 4,693 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है।

श्री प्रसाद ने बताया कि 15 दिसम्बर, 2020 से 15 जनवरी, 2021 तक आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत गोल्डन कार्ड बनाये जाने का अभियान चलाया गया था, जिसमें 10,36,684 नये गोल्डन कार्ड बनाये गये हैं। 3.77 लाख ऐसे परिवार को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया है, जिनके परिवार में किसी का भी गोल्डन कार्ड नहीं बना था। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि जब तक वैक्सीन की दोनों डोज लग नहीं जाती तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित नहीं हो जाती तब तक कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन अवश्य करें। सभी लोग मास्क पहनें, हाथ साबुन-पानी से धोते रहें तथा लोगों से दो गज की दूरी बनाये रखें। कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए पहले से बीमार बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं को संक्रमण से बचाये।