कांग्रेस लल्लू को जेल भेजने के खिलाफ चलाएगी महाअभियान

Jun 02 2020

कांग्रेस लल्लू को जेल भेजने के खिलाफ चलाएगी महाअभियान

india emotions news network, lucknow. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की जमानत याचिका सेशन कोर्ट से खारिज कर दी गयी है। हमें न्यायपालिका में पूरा विश्वास है और हमारे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को इंसाफ मिलेगा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को जेल भेजने के खिलाफ पार्टी महाअभियान चलाएगी। हम गांव-गांव हर गरीब की झोपड़ी तक अपनी बात ले जाएंगे और लोगों की सेवा करेंगे।

कांग्रेस विधायक दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि लाखों जरूरतमंदों तक भोजन और राशन पहुंचाने वाले, हजारों मजदूरों को उनके घरों तक लाने वाले, गरीबों-मजदूरों के मददगार अजय कुमार लल्लू का आखिर अपराध क्या है? यही कि उन्होंने जरूरतमंदों की मदद की? मजदूरों को राहत मिले इसलिए बसों का बंदोबस्त किया। सेवा कार्य से बौखलाई योगी सरकार ने महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी के निजी सचिव श्री संदीप सिंह और कांग्रेस के 90 से अधिक नेताओं के ऊपर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए हैं।

फर्जी मुकदमे और जेल की सलाखें सेवाकार्य को रोक नहीं पाएगीं। हमारी पार्टी देश निर्माता श्रमिकों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि हम एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार राजनीतिक द्वेष और गरीब विरोधी मानसिकता का परिचय दे रही है। कांग्रेस पार्टी श्री अजय कुमार लल्लू को गैरकानूनी ढंग से जेल भेजने के खिलाफ महाअभियान चलाएगी। हम गांव-गांव, हर गरीब की झोपड़ी तक अपनी बात ले जाएंगे और लोगों की सेवा करेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सदस्य विधान परिषद नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक पूरे प्रदेश में 90 लाख से अधिक लोगों तक कांग्रेस पार्टी ने राशन और भोजन पहुंचाया है। 10 लाख प्रवासी श्रमिकों की मदद की। 22 जिलों में साझी रसोईघर चलाया गया। 40 हाइवे स्टॉल्स लगाकर नाश्ता, खाना वितरित किया गया। यह सब प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में हुआ और आज हम पुनः सेवा का संकल्प ले रहे हैं कि भाजपा सरकार के दमन से झुकेंगे नहीं, सेवा कार्य और जी जान लगाकर करेंगे।