जवान में हुई थलापति विजय की एंट्री, कोई फीस नहीं लेंगे

Jul 14 2022

जवान में हुई थलापति विजय की एंट्री, कोई फीस नहीं लेंगे

मीडिया में इन दिनों शाहरुख बहुत ज्यादा चर्चाओं में हैं। जीरो के बाद दर्शकों के सामने आगामी वर्ष एक साथ 3 फिल्में लेकर आने वाले शाहरुख इन दिनों अपनी पहली पैन इंडिया फिल्म जवान को लेकर सुर्खियाँ पा रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही इस फिल्म का टीजर जारी किया गया था जिसे दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया था। यह पूरी तरह से एक एक्शन फिल्म है, जिसका निर्देशन तमिल फिल्मों के सुपर निर्देशक एटली करने जा रहे हैं। एटली निर्देशित मर्सल और थेरी को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। इन फिल्मों ने तमिल बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड कमाई की थी। जवान को लेकर जो नया अपडेट सामने आया है उसके अनुसार इस फिल्म में एटली के मनपंसद तमिल नायक थलापति विजय बतौर खलनायक फिल्म मेंं नजर आएंगे।

प्राप्त समाचारों के अनुसार, शाहरुख की इस फिल्म के लिए थलापति विजय एक रुपए की भी फीस नहीं लेंगे। विजय का रोल इस फिल्म में विलेन का है, जो कैमियो है लेकिन महत्त्वपूर्ण भी है। थलापति विजय और निर्देशक एटली आपस में गहरे दोस्त हैं। दोनों ने साथ में कई फिल्में की हैं, इसमें मर्सल और थेरी ने साउथ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा बिजनेस किया था। इसीलिए वह जवान में काम करने के लिए एक रुपए भी नहीं चार्ज करेंगे।

जवान शाहरुख खान की पहली पैन इंडिया फिल्म है। इससे वो और एटली पहली बार एक साथ काम कर रहे हैं। हाल ही में इस फिल्म का टीजर भी रिलीज किया गया था। जवान शाहरुख की फुल एक्शन एंटरटेनर फिल्म है। इस फिल्म में नयनतारा लीड रोल में हैं। जवान 5 भाषा हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में 2 जून 2023 को रिलीज होगी।