लिखी जा रही है सन ऑफ सरदार-2 की कहानी : रॉबिन भट्ट

Apr 11 2022

लिखी जा रही है सन ऑफ सरदार-2 की कहानी : रॉबिन भट्ट

बॉलीवुड फिल्मों के सफल लेखकों में शुमार रॉबिन भट्ट ने हाल ही में दिए अपने एक साक्षात्कार में कहा है कि इन दिनों वे अजय देवगन के लिए फिल्म सन ऑफ सरदार-2 की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2012 मेंं अजय देवगन अभिनीत और निर्मित सन ऑफ सरदार का निर्देशन अश्विनी धीर ने किया था। इस फिल्म ने उस वर्ष यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी अन्तिम फिल्म जब तक है जान से बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टकराव मोल लिया था। हालांकि दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की थी। तभी से बॉलीवुड के गलियारों में कहा जा रहा था कि अजय देवगन सन ऑफ सरदार-2 पर विचार कर रहे हैं। पहले अजय देवगन ने इस शीर्षक से सारागढ़ी के ऐतिहासिक युद्ध को दिखाने की घोषणा की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो चुकी थी। बाद में सारागढ़ी के ऐतिहासिक युद्ध पर करण जौहर ने अक्षय कुमार अभिनीत केसरी नामक फिल्म बनाई थी। इसके बाद वर्ष 2019 में खबर आई थी कि फिल्म के निर्देशक अश्विनी धीर इसका दूसरा पार्ट सन ऑफ सरदार 2 बनाने पर काम कर रहे हैं। लेकिन कोरोना महामारी के कारण ऐसा नहीं हो पाया है। लेकिन अब खबर आ रही है कि फिल्म के दूसरे पार्ट पर जल्द काम शुरू होने वाला है। अजय देवगन ने फिल्म के दूसरे पार्ट के लिए आगे बढऩे का फैसला किया है।
फिल्म सन ऑफ सरदार 2 की स्क्रिप्ट पर काम शुरू हो रहा है। अजय देवगन ने फिल्म को लेकर सोचना शुरू कर दिया है। फिल्म सन ऑफ सरदार को लिखने वाले मशहूर लेखक रॉबिन भट्ट ने कन्फर्म किया है, हम फिल्म सन ऑफ सरदार 2 पर काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि अजय देवगन इन दिनों स्वयं द्वारा निर्मित और निर्देशित रनवे 34 को प्रमोट करने में लगे हुए हैं। उनकी यह फिल्म आगामी 29 अप्रैल को ईद के मौके पर प्रदर्शित होने जा रही है। इस फिल्म में उनके साथ एक तरफ जहाँ अमिताभ बच्चन, रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगे वहीं दूसरी ओर उनके साथ जयपुर निवासी बॉलीवुड अभिनेत्री आकांक्षा सिंह भी नजर आएंगी। वे फिल्म में अजय देवगन की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं। रनवे34 के अतिरिक्त अजय देवगन इस वर्ष बोनी कपूर की मैदान, थैंक गॉड, भोला और दृश्यम-2 में भी दिखायी देंगे। साथ ही अजय देवगन अपने मित्र रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस में मेहमान भूमिका में नजर आएंगे।