UKRAINE RUSSIA WAR: अस्तित्व पर खतरा हुआ तो एटम बम से हमला.. यूक्रेन से जंग के बीच फिर गरजा रूस

Mar 23 2022

UKRAINE RUSSIA WAR: अस्तित्व पर खतरा हुआ तो एटम बम से हमला.. यूक्रेन से जंग के बीच फिर गरजा रूस

UKRAINE RUSSIA WAR: यूक्रेन और रूसी सैनिकों के बीच जंग दिन ब दिन खतरनाक मोड़ लेने लगा है। राजधानी कीव पर अभी भी रूसी सैनिक कब्जा नहीं कर पाए हैं। जंग के इतने दिन बीत जाने के बाद अब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बौखला गए हैं। रूस की तरफ से एक बार फिर यूक्रेन में एटमी बम से हमले की धमकी दी गई है। कहा गया है कि अगर हमारे अस्तित्व पर खतरा हुआ तो परमाणु हमले पर विचार कर सकते हैं।

रूस और यूक्रेन के सैनिकों के बीच जंग 28वें दिन भी जारी है। रूस की ताकतवर सेना अभी तक राजधानी कीव पर कब्जा नहीं कर पाई है। इस बीच खबर आई है कि रूसी सेना अब कीव पर फाइनल वार की तैयारी में है। कीव में अब रूस और यूक्रेनी सेना आर-पार की लड़ाई में आमने सामने आ गई हैं।

परमाणु हमले की धमकी
यूक्रेन से तेज होती जंग के बीच रूस ने एक बार फिर परमाणु हमले की धमकी दी है। राजधानी कीव पर इतने दिनों तक कब्जा करने में नाकाम और अपने सैनिक, हथियारों की बड़ी संख्या में क्षति से बौखलाए रुस ने कहा है कि अगर उसके अस्तित्व पर खतरा हुआ तो परमाणु हमले पर विचार किया जा सकता है। बता दें कि अभी तक रूसी सेना हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल कर चुका है।

मारियूपोल में खाने-पीने का संकट
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सेना ने मारियूपोल शहर में भारी तबाही मचाई है। शहर के लोगों के सामने खाने-पाने का संकट आ गया है। मारियूपोल की कई फैक्ट्रियों पर हवाई हमला हुआ है। इमारतें खंडहर में तब्दील हो चुकी हैं। यही हाल दोनेस्क, मरिंका और माकारीव समेत कई शहरों में हुआ है। कई रिहायशी इमारतें तबाह हो चुकी हैं।