थलापति 66 में हुई रश्मिका मंदाना की एंट्री, विजय के साथ करेंगी रोमांस!

Mar 09 2022

थलापति 66 में हुई रश्मिका मंदाना की एंट्री, विजय के साथ करेंगी रोमांस!

पैन इंडिया के तौर मास्टर सरीखी फिल्म देने वाले दक्षिण भारत के सुपर सितारों में शामिल विजय थलापति इन दिनों अपनी फिल्म बीस्ट को लेकर चर्चाओं में हैं जो आगामी 14 अप्रैल को बॉक्स ऑफिस पर दक्षिण भारत की ही एक और बिग बजट फिल्म केजीएफ-2 से टकराव लेने को तैयार है। इस टकराव के साथ-साथ ही सभी की निगाहें थलापति विजय की निर्देशक वामशी पेडिपल्ली के साथ आने वाली फिल्म पर हैं। थलापति 66 शीर्षक से फिल्म का निर्माण बड़े पैमाने पर दिल राजू और शिरीष द्वारा किया गया है। समाचारों के मुताबिक, पुष्पा गर्ल रश्मिका मंदाना को अनटाइटल्ड फिल्म में थलापति विजय के साथ रोमांस करने के लिए चुना गया है। हालांकि अभी इस पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
रश्मिका मंदाना अल्लू अर्जुन-स्टारर पुष्पा:द राइज की सफलता से चर्चाओं में हैं। इस वक्त रश्मिका मंदाना की कई फिल्में निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। अब, ऐसा लग रहा है कि रश्मिका मंदाना के पास एक और बड़ी फिल्म और भूमिका आ गई है। अगर रिपोट्र्स की मानें तो रश्मिका मंदाना को थलापति 66 में महिला प्रधान भूमिका निभाने के लिए चुना गया है। अभिनेत्री इस फिल्म में पहली बार थलापति विजय के साथ रोमांस करेंगी। वामशी पेडिपल्ली और निर्माता दिल राजू रश्मिका मंदाना को पुष्पा में देखने के बाद खासे प्रभावित थे और इसी के चलते उन्होंने विजय के साथ उसे बोर्ड में लाने का फैसला किया।
गौरतलब है कि इससे पहले, निर्माताओं ने पूजा हेगड़े और कियारा आडवाणी को फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के लिए सम्पर्क किया था। लेकिन बाजी रश्मिका मंदाना के हाथ लगी है। उन्होंने इस दोनों नायिकाओं को मात देते हुए इस मेगा बजट फिल्म को अपने नाम करने में सफलता प्राप्त कर ली है। कहा जा रहा है कि जल्द ही इस बात की एक आधिकारिक घोषणा की जाएगी। थलापति 66 के मार्च में फ्लोर पर जाने की उम्मीद है। एक साक्षात्कार में, निर्माता दिल राजू ने खुलासा किया कि फिल्म दीवाली 2022 या संक्रांति 2023 पर रिलीज होगी। फिल्म में देश भर के शीर्ष अभिनेता और तकनीशियन शामिल होंगे।
एक तेलुगु टीवी चैनल के साथ एक साक्षात्कार में, दिल राजू ने कहा, वामशी एक सुंदर कहानी के साथ आए हैं। जब मैंने इसे सुना, तो मुझे यह पसंद आयी। विजय ने कहानी सुनी और कहा कि उन्होंने पिछले 20 साल में इस तरह की कहानी नहीं सुनी है। जब कोई स्टार ऐसा कहता है, तो यह आपको आत्मविश्वास देता है। फिल्म की शूटिंग मार्च में शुरू होगी। अगर कोविड -19 के कारण कोई देरी नहीं हुई, तो फिल्म दीवाली पर रिलीज होगी। अगर यह दिवाली तक तैयार नहीं हो पाती है तो इसे 2023 संक्रान्ति पर प्रदर्शित किया जाएगा। थलापति 66 संयुक्त रूप से श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस के दिल राजू और शिरीष द्वारा निर्मित है।