इन घरेलू उपायों को अपनाकर पा सकते हैं कब्ज से मुक्ति

Feb 03 2022

इन घरेलू उपायों को अपनाकर पा सकते हैं कब्ज से मुक्ति

वर्तमान में युवाओं में अनियमित दिनचर्या और खान-पान के कारण कब्ज की समस्या होना आम बात है। कब्ज एक ऐसी समस्या है जिसके कारण व्यक्ति का पेट ठीक से साफ नहीं होता और शौच के दौरान काफी परेशानी आती है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि लम्बे समय तक कब्ज की समस्या रहने से पेट की कई और बीमारियाँ होने का खतरा रहता है। इसलिए कब्ज के लक्षणों को नजरअंदाज ना करें बल्कि इसका इलाज कराएं। कब्ज की समस्या होने पर ज्यादा से ज्यादा फल, सब्जियां, एवं रेशेदार चीजों का सेवन करें क्योंकि फाइबर युक्त आहार की कमी भी कब्ज की समस्या का मुख्य कारण बनते हैं। रोजाना के आहार में 20-30 ग्राम फाइबर होना आवश्यक है। यह भी जरूर ध्यान रखें कि अधिक मात्रा में फाइबर का सेवन करने से गैस तथा पेट फूलने की समस्या हो सकती है। फलों में अंगूर, पपीता, खुबानी, अंजीर, अनानास एवं नाशपती का अधिक सेवन करें। ये फल कब्ज की समस्या में लाभदायक हैं। सब्जियों में पत्तागोभी, गाजर, ब्रोकली और पालक आदि हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। रोजाना कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं और तरल पदार्थों का सेवन करें। गेहूं के आटे में पिसे हुए चने को मिलाकर खाएं।
कब्ज के कारण
पाचनतंत्र का ठीक प्रकार से काम ना करना कब्ज की समस्या को उत्पन्न करता है। आंतों में किसी तरह का इंफेक्शन, गट बैक्टीरिया की कमी, अंदरूनी जख्म भी कब्ज का कारण बन सकते हैं। अधिक मसालेदार, तला हुआ या मैदे से बने खाने का अधिक समय तक सेवन करना कब्ज की समस्या को उत्पन्न करता है। दरअसल, मैदा आपके शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चिपक जाती है। खासतौर पर आंतों में। इस कारण आंतें अपना काम ठीक प्रकार से नहीं कर पाती हैं और आपको कब्ज की समस्या का सामना करना पड़ता है। रात को देर तक जागना और सुबह देर तक सोना यह भी कब्ज की समस्या का कारण बन सकते हैं।
कब्ज का निवारण
1. जीरे और अजवायन को धीमी आंच पर भून कर पीस लें। इसमें काला नमक डालकर तीनों को समान मात्रा में मिला कर डब्बे में रख लें। रोज आधा चम्मच की मात्रा में गुनगुने पानी के साथ पिएं। यह कब्ज दूर करने का कारगर घरेलू इलाज है। सुबह उठने के बाद पानी में नींबू का रस और काला नमक मिलाकर पिएं। इससे पेट अच्छी तरह साफ होगा और कब्ज की समस्या से निजात मिल सकती है।
2. कब्ज के लिए आप सोते समय अरंडी के तेल को हल्के गर्म दूध में मिलाकर पी सकते हैं। इससे पेट साफ होता है, और कब्ज की समस्या नहीं होती। कब्ज के लिए शहद बहुत फायदेमंद है। रात को सोने से पहले एक चम्मच शहद को एक गिलास पानी के साथ मिलाकर पिएं। इसके नियमित सेवन से कब्ज की समस्या दूर हो जाती है। प्रतिदिन रात में हरड़ के चूर्ण या त्रिफला को कुनकुने पानी के साथ पिएं। इससे कब्ज दूर हेगा, साथ ही पेट में गैस बनने की समस्या से भी निजात मिलेगी। ईसबगोल की भूसी कब्ज के लिए रामबाण इलाज है। आप इसका प्रयोग दूध या पानी के साथ, रात को सोते वक्त कर सकते हैं। इससे कब्ज की समस्या बिल्कुल समाप्त हो जाएगी।
3. सुबह उठकर प्रतिदिन खाली पेट 4 से 5 काजू उतने ही मुनक्का के साथ मिलाकर खाने से भी कब्ज की समस्या से निजात मिल सकती है। इसके अलावा रात को सोने से पहले 6 से 7 मुनक्का खाना भी फायदेमंद रहता है। किशमिश को कुछ देर तक पानी में गलाने के बाद, इसका सेवन करने से कब्ज की शिकायत दूर हो जाती है। इसके अलावा अंजीर को भी रातभर पानी में गलाने के बाद उसका सेवन करने से कब्ज की समस्या खत्म होती है।
4. आलूबुखारा जैसे फल का सेवन भी कब्ज की समस्या को दूर करने में उत्तम उपाय है क्योंकि आलूबुखारा लैक्सटिव होने के कारण कब्ज की समस्या में फायदेमंद होता है। बेल का फल कब्ज की समस्या के लिए बहुत फायदेमंद होता है। आधा कप बेल का गूदा और एक चम्मच गुड़ का सेवन, शाम को भोजन से पहले से करें। बेल का शरबत भी कब्ज में फायदा करता है। फलों में अमरूद और पपीता, कब्ज के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। इनका सेवन किसी भी समय किया जा सकता है। इन्हें खाने से पेट की समस्याएं तो समाप्त होती ही हैं, त्वचा भी खूबसूरत बनती है।
5. पालक भी कब्ज के मरीजों के लिए एक अच्छा विकल्प है। प्रतिदिन पालक के रस को दिनचर्या में शामिल कर, आप कब्ज से आजाादी पा सकते हैं, साथ ही इसकी सब्जी भी सेहत के लिए अच्छी होती है। लेकिन अगर आप पथरी के मरीज हैं, तो इसका इस्तेमाल न करें।
6. एक गिलास पानी में एक चम्मच मुलेठी का चूर्ण और एक चम्मच गुड़ मिलाकर सेवन करें। यह कब्ज की समस्या को ठीक करने में मदद करता है। रात में सोने से पहले एक चम्मच भुनी हुई सौंफ गरम पानी के साथ पिएं। सौंफ में पाए जाने वाले उडऩशील तेल पाचन क्रिया को दुरुस्त करते हैं, तथा गैस्ट्रिक एंजाइम के उत्पादन को बढ़ाते हैं। रोज 2 चम्मच गुड़ गर्म दूध के साथ लें। दूध में सूखे अंजीर को उबाल कर खाएं, और दूध को पी लें। रात में सोने से पहले एक चम्मच त्रिफला चूर्ण को गर्म पानी के साथ लें।
7. कॉफी कब्ज की समस्या में कुछ हद तक आपकी मदद कर सकती है क्योंकि कॉफ़ी के सेवन से मलत्याग की प्रवृति जागृत होती है। कब्ज से बचने के लिए नियमित रूप से व्यायाम और योगा करना बेहद फायदेमंद होता है। इसके अलावा हमेशा गरिष्ठ भोजन करने से बचना चाहिए।