गर्मी भगाने के लिए नहीं पड़ेगी AC, कूलर की जरूरत, वैज्ञानिकों ने बनाया ऐसा पेंट जो घर को रखेगा ठंडा

Jun 18 2021

गर्मी भगाने के लिए नहीं पड़ेगी AC, कूलर की जरूरत, वैज्ञानिकों ने बनाया ऐसा पेंट जो घर को रखेगा ठंडा

यह बात हम सभी जानते है कि गर्मी में हर कोई अपने घर को ठंडा रखना चाहता है और इसलिए हम में से कई लोग एयर कंडीशनर, कूलर जैसी तमाम चीजों का इस्तेमाल करते है। मगर ये बात जानकर हैरानी होगी कि वैज्ञानिकों ने एक ऐसा पेंट बनाया है, जिससे आपका घर और आप बिल्कुल ठंडा रहेंगे।

अमरीका के इंडियाना में पर्ड्यू यूनिवर्सिटी के रिसर्चर ने दावा किया है  कि सूरज की रोशनी को 99.9 फीसदी अवशोषित करने वाले 'सबसे काले' रंग 'वेंटाब्लैक' को टक्कर देते हुए यह नया 'सबसे सफेद' पेंट सूरज की रोशनी को 99 फीसदी परावर्तित करता है।

शिउलीन रुआन सहित शोधकर्ताओं की टीम ने कैल्शियम कार्बोनेट की बजाय बेरियम सल्फेट से यह अल्ट्रा-वाइट पेंट बनाया है, जो इसे अब तक की सबसे अधिक सफेदी देता है। इसे अगर कूलर पर पेंट कर दिया जाए तो हवा कहीं अधिक ठंडी हो जाएगी। इसी तरह इस नए पेंट का उपयोग 1,000 वर्ग फीट के छत क्षेत्र को करने के लिए किया जाए तो छत को 10 किलोवाट की कूलिंग के बराबर पावर मिल सकती है।

पेंट की सफेदी के असर को शोधकर्ताओं ने बाहरी परिवेश में परखा।  रात में आसपास के परिवेश की तुलना में पेंट की गई सतह 19 डिग्री फारेनहाइट अधिक ठंडी पाई गई। वहीं दोपहर की चिलचिलाती धूप में इससे पेंट की गई सतह, अपने आसपास के तापमान से 8 डिग्री फारेनहाइट कम पाई गई। फिलहाल, पेंट पर और प्रयोग चल रहे हैं। इसके बाद इसका वाणिज्यिक उत्पादन किया जा सकता है।

इस पेंट के 'सबसे सफेद' होने के पीछे दो वजह हैं। पहली, पेंट में बेरियम सल्फेट रासायनिक यौगिक की उच्च सांद्रता है, जिसका उपयोग फोटो पेपर व सौंदर्य प्रसाधन की सफेदी में होता है। दूसरा कारण यह है कि टीम ने इस रासायनिक यौगिक के विभिन्न आकार के कणों का उपयोग किया है, सभी आकार अलग-अलग मात्रा में प्रकाश परावर्तित करते हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि पेंट अधिक से अधिक प्रकाश को परावर्तित करे।