चौधरी अजित सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री, केशव, अखिलेश, माया और प्रियंका ने जताया दुख

May 06 2021

चौधरी अजित सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री, केशव, अखिलेश, माया और प्रियंका ने जताया दुख

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का गुरुवार को निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अपना इलाज करा रहे थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद, सपा मुखिया अखिलेश यादव, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और बसपा मुखिया ने दुख जताया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जुझारू किसान नेता चौधरी अजित सिंह जी का निधन अत्यंत दु:खद है। उन्हें विनम्र श्रद्धाजंलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

उपमुख्यमंत्री केशव ने लिखा कि राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन का दुरूखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों सहित समर्थकों को संबल दें। विनम्र श्रद्धांजलि!

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा कि किसानों और मजदूरों के मसीहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री, आरएलडी प्रमुख चौधरी अजित सिंह जी का आकस्मिक निधन, अपूरणीय क्षति। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करे। अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि।

बसपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लिखा कि राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद तथा अपने समाज के लोकप्रिय नेता चौधरी अजित सिंह के निधन की खबर अति-दु:खद। उनके परिवार व उनके समस्त चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा कि लोकप्रिय नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान हितैशी नेता चौधरी अजित सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। चौधरी साहब के निधन से समाज एवं राजनीति को अपूर्णीय क्षति हुई है। जयंत चौैधरी व आरएलडी साथियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर चौधरी साहब को श्रीचरणों में स्थान दें।

ज्ञात हो कि पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह के बेटे अजित सिंह बागपत से सात बाद सांसद और कई बार मंत्री रह चुके हैं। 2001 से 2003 तक अटल बिहारी सरकार में वह कृषि मंत्री और 2011 में यूपीए सरकार के तहत नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में उन्होंने मुजफ्फनगर से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार झेलनी पड़ी थी। पश्चिमी यूपी में चौैधरी अजित सिंह जाटों के बड़े नेता माने जाते थे।

--आईएएनएस