अगर धोनी चाहें तो अभी भी अच्छा प्रदर्शन कर टीम में वापस आ सकते हैं : BCCI

Jan 16 2020

अगर धोनी चाहें तो अभी भी अच्छा प्रदर्शन कर टीम में वापस आ सकते हैं : BCCI

इंडिया इमोशंस न्यूज दिल्ली। बीसीसीआई ने गुरुवार को अक्टूबर-2019 से लेकर सितंबर 2020 तक के लिए अपने केंद्रीय अनुबंध की घोषणा कि जिसमें सबसे बड़ा मुद्दा महेंद्र सिंह धोनी को जगह न मिलना रहा। इसने सवाल खड़े किए कि क्या धोनी का युग खत्म हो गया? लेकिन अब यह पता चला है कि धोनी के लिए टीम के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं।

बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि केंद्रीय अनुबंध का देश के लिए खेलने से कोई कोई लेना-देना नहीं है। अधिकारी ने कहा कि धोनी अच्छा प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश कर सकते हैं।

अधिकारी ने कहा "बात को सीधे तरीके से लीजिए। अनुबंध मिलना इस बात की गांरटी नहीं देता है कि आप देश के लिए खेल सकते हैं या नहीं। नियमित खिलाड़ियों को अनुबंध दिए जाते हैं और ईमानदारी से कहूं तो धोनी वनडे विश्व कप-2019 के बाद से नहीं खेले हैं इसलिए उनका नाम अनुबंध में नहीं है।" उन्होंने कहा "अगर कोई इसे रास्ते बंद होने और चयनकर्ताओं से संकेत मिलने की तरह देखता है तो ऐसा नहीं है।"

उन्होंने कहा "अगर वह चाहें तो अभी भी अच्छा प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में वापस आ सकते हैं और इसमें टी-20 विश्व कप भी शामिल है। ईमानदारी से कहूं तो केंद्रीय अनुबंध का धोनी के भविष्य से कोई संबंध नहीं है।" उन्होंने कहा "पहले भी ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जो बिना केंद्रीय अनुबंध के खेले हैं और आप भविष्य में भी ऐसा देखेंगे। चीजों को लेकर कयास लगाने से कुछ नहीं होता।"