रांची टेस्ट : तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 132/8, भारत जीत से 2 विकेट दूर

Oct 21 2019

रांची टेस्ट :  तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 132/8, भारत जीत से 2 विकेट दूर

इंडिया इमोशंस न्यूज भारत रांची में दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के साथ जारी तीसरे टेस्ट मैच में जीत से दो कदम की दूरी पर है। भारत ने तीसरे दिन सोमवार का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में आठ विकेट 132 रनों पर ही चटका दिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 497 रनों पर घोषित की थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 162 रनों पर ढेर कर उसे फॉलोऑन दिया था। दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका संभल नहीं सकी और लगातार विकेट खोती रही। वह अभी भी भारत से 2०3 रन पीछे है, जबकि भारत को जीत के लिए सिर्फ दो विकेट की दरकार है।

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक थ्युनिस डिब्रून 30 रन बनाकर खेल रहे हैं। ब्रयून इस मैच में अंतिम-11 में नहीं थे लेकिन सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर (16) के चोटिल होने के बाद वह कनसेशन खिलाड़ी के तौर पर मैदान में आए। उनके अलावा जॉर्ज लिंडे ने 27, डेन पीट ने 23 रन बनाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी तीन, उमेश यादव दो, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन एक-एक विकेट ले चुके हैं।