लोहिया से मरीजों को निजी अस्पतालों में शिफ्टिंग कराने वाले दलाल गिरफ्तार

Aug 08 2022

लोहिया से मरीजों को निजी अस्पतालों में शिफ्टिंग कराने वाले दलाल गिरफ्तार

लखनऊ। विभूतिखंड पुलिस ने लोहिया में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज दिलाने का झांसा देकर निजी अस्पतालों में शिफ्टिंग कराने वाले आरोपी अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अभिषेक अस्पतालों से मरीजों की दलाली करता था। उसके गिरोह से जुड़े चार सदस्यों को बीती 8 जून को पकड़ा गया था। उन्होंने अभिषेक सिंह के बारे में जानकारी दिए थे। पूर्व में पकड़े दलालों ने अभिषेक को अपना सरगना बताये थे। पुलिस तब से अभिषेक की तलाश में थी।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड डॉ. आशीष कुमार मिश्र ने बताया कि बहराइच निवासी अभिषेक निजी अस्पताल के लिए काम करता है। उसके साथ अयोध्या रौनाही निवासी प्रियांशु, गोरखपुर निवासी ध्रुव पाण्डेय, देवा रोड चिनहट निवासी पवन और कन्नौज निवासी सुमित कुमार भी दलाली में शामिल थे, तिनकों पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इंस्पेक्टर के मुताबिक अभिषेक ने बताया कि अस्पताल संचालकों के कहने पर वे लोहिया संस्थान के इमरजेंसी गेट पर आते थे। यहां आने वाले मरीजों के तीमारदारों से बात कर उन्हें प्राइवेट अस्पतालों में बेहतर इलाज होने का भरोसा दिलाया जाता था। आरोपी के मुताबिक तीमारदारों को वह लोग कहते थे कि सरकारी अस्पताल में डॉक्टर समय पर नहीं आते हैं। इलाज भी बेहतर नहीं होता है, इसलिए निजी अस्पताल में इलाज कराइए, जिसमें खर्च भी कम आएगा। आरोपियों के मुताबिक वह लोग अब तक कई मरीजों को निजी अस्पताल में भर्ती करा चुके हैं। लोहिया अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन भटनागर की तरहरीर पर सात जून को रिपोर्ट दर्ज हुई थी।