दर्शकों ने जो प्यार दिया, उससे बड़ा कोई ब्रह्मास्त्र नहीं है: रणबीर कपूर

Sep 12 2022

दर्शकों ने जो प्यार दिया, उससे बड़ा कोई ब्रह्मास्त्र नहीं है: रणबीर कपूर

करण जौहर निर्मित और अयान मुखर्जी निर्देशित रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म ब्रह्मास्त्र ने प्रदर्शन के साथ ही वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कामयाबी प्राप्त की है। फिल्म की सफलता ने रणबीर कपूर के प्रशंसकों और निर्माताओं के चेहरे पर मुस्कराहट ला दी है। वहीं बॉलीवुड में भी इस फिल्म की सफलता को देखकर अन्य निर्माता-निर्देशकों के साथ ही सितारों को भी फिर से विश्वास हो गया है कि यदि फिल्म में दम होगा तो दर्शक उसे देखना ही चाहेगे, फिर चाहे कितना ही बायकॉट ट्रेंड चल रहा हो। ब्रह्मास्त्र ने सिर्फ दो दिनों में वैश्विक स्तर पर 160 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। अब ब्रह्मास्त्र की सक्सेस पर फिल्म के लीड एक्टर रणबीर कपूर ने रिएक्ट किया है। सोशल मीडिया पर रणबीर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। रणबीर से पैपराजी उनके फैंस को खास मैसेज देने को कहते हैं। इसके बाद रणबीर ने फैंस से कहा- ऑडियंस का जो प्यार मिला है, उससे बड़ा कोई ब्रह्मास्त्र नहीं है।

अयान मुखर्जी की ओर इशारा करते हुए रणबीर आगे कहते हैं- हम बहुत ज्यादा खुश और प्राउड हैं। अयान की डेडीकेशन, मेहनत...मैंने लाइफ में कभी ऐसा देखा नहीं। दिल से शुक्रिया करता हूं। हम यही चाहते थे कि आप (ऑडियंस) एंटरटेन हो, हंसे, रोएं... सिनेमा में वापसी करके हम काफी खुश हैं।

गौरतलब है कि रणबीर कपूर और अयान मुखर्जी ने सिनेमा जाकर फैंस को सरप्राइज किया। रणबीर ने फैंस संग सेल्फी ली और उनके साथ बातचीत भी की। इसके बाद रणबीर ने ब्रह्मास्त्र के कलेक्शन पर भी बात की।

पहले दिन ब्रह्मास्त्र के 13000 से ज्यादा शोज सिनेमा हॉल्स में चले और इनके टिकट भी जमकर बिके। ब्रह्मास्त्र 410 करोड़ के बजट में बनी है। इसका खुलासा खुद अयान मुखर्जी ने एक साक्षात्कार में किया था। फिल्म की सफलता को देख आलिया और अयान मुखर्जी ने भी फैंस का शुक्रिया अदा किया था। बायकॉट ट्रेंड के बावजूद भी रणबीर और आलिया की ब्रह्मास्त्र ने तीन दिन के अंदर ही कमाई के मामले में तहलका मचा दिया है। फिल्म शानदार बिजनेस कर रही है और दर्शकों की तारीफ भी बटोर रही है।