कार्तिक आर्यन की झोली में आई एक और ब्लॉकबस्टर, निर्देशक होंगे अनुराग बसु

Sep 06 2022

कार्तिक आर्यन की झोली में आई एक और ब्लॉकबस्टर, निर्देशक होंगे अनुराग बसु

कार्तिक आर्यन भूल भुलैया-2 की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद लगातार निर्माताओं की पहली पसन्द बने हुए हैं। आने वाले समय में शहजादा, फ्रेडी में नजर आने वाले कार्तिक आर्यन की झोली में एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म सीरीज की फिल्म आ गई है। हाल ही में कार्तिक आर्यन ने स्वयं अपने प्रशंसकों को सोशल मीडिया के जरिये बताया है कि उन्होंने एक और फिल्म साइन कर ली है। वह ब्लॉकबस्टर फिल्म आशिकी के तीसरे भाग आशिकी 3 में नजर आने वाले हैं। कार्तिक आर्यन निर्देशक अनुराग बसु के साथ काम करेंगे। यह पहला मौका होगा जब ये दोनों लोग किसी प्रोजेक्ट पर काम करेंगे।

कार्तिक आर्यन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक छोटी सी क्लिप शेयर की है। जिसमें आशिकी 3 टाइटल लिखा हुआ है। क्लिप के बैकग्राउंड में कुमार सानू की आवाज में आशिकी का पॉपुलर गाना अब तेरे बिन जी लेंगे हम बज रहा है। इस क्लिप के साथ कार्तिक आर्यन ने लिखा है, अब तेरे बिन जी लेगें हम, जहर जिंदगी का पी लेंगे हम... आशिकी 3। ये बहुत दिल दहला देने वाली होगी। बसु दा के साथ मेरी पहली फिल्म। कार्तिक आर्यन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर भी शेयर की है। इसमें वह मुकेश भट्ट, अनुराग बसु, प्रीतम और भूषण कुमार के साथ नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि साल 1990 में आशिकी रिलीज हुई थी। इस फिल्म में राहुल रॉय और अनु अग्रवाल थे। इस फिल्म का निर्देशन महेश भट्ट ने किया था और निर्माता थे मुकेश भट्ट। साल 2013 में आशिकी 2 रिलीज हुई थी। इस फिल्म आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर थे। इस फिल्म का निर्देशन किया था मोहित सूरी ने और निर्माण था मुकेश भट्ट और टी सीरीज के भूषण कुमार का। इन दोनों फिल्मों को लोगों ने खूब पसंद किया था। इसके साथ ही इन फिल्मों के गानों को लोगों ने काफी प्यार दिया था। अब आशिकी 3 बनने जा रही है जिसका निर्माण एक बार फिर से मुकेश भट्ट और भूषण कुमार करने जा रहे हैं लेकिन निर्देशन की बागडोर अनुराग बसु को सौंपी गई है। 32 साल में इस सीरीज की यह तीसरी फिल्म है जिसका निर्देशन तीसरा निर्देशक करने जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि कार्तिक आर्यन की आशिकी 3 कितना कमाल दिखा पाती है। कार्तिक आर्यन की इस फिल्म को लेकर ज्यादा डिटेल सामने नहीं आई है कि ये कब रिलीज होगी और इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस कौन होगी।