पाकिस्तान का हाल-बेहाल : PIA की 36 फ्लाइट गईं बिलकुल खाली, भारी नुकसान

Sep 21 2019

पाकिस्तान का हाल-बेहाल : PIA की 36 फ्लाइट गईं बिलकुल खाली, भारी नुकसान

इंडिया इमोशंस न्यूज इस्लामाबाद। इन दिनों पाकिस्तानी सरकार कश्मीर मसले पर दूसरे देशों का समर्थन हासिल करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। हालांकि भारत की सच्चाई और मजबूत पक्ष के कारण पाकिस्तान के मंसूबे अब तक कामयाब नहीं हुए हैं। आतंकियों को पनाह देने के कारण पाकिस्तान किसी को भी पसंद नहीं आता है।

इसी समस्या के चलते उसकी आर्थिक हालत भी बहुत खस्ता है। इस बीच सामने आई एक रिपोर्ट उसकी दुर्दशा के बारे में और खुलासा करती है। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) के विमानों ने इस्लामाबाद से 46 बार बगैर किसी यात्री के उड़ानें भरी थीं। वर्ष 2016-17 में इन फ्लाइट्स पर पीआईए को 11 लाख डॉलर (18 करोड़ रुपए) का नुकसान झेलना पड़ा।

पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो टीवी के अनुसार ये आंकड़े एक ऑडिट रिपोर्ट में सामने आए हैं। पीआईए ने ये खाली उड़ानें 2016 से 2017 के बीच भरी थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद भी प्रशासन ने कोई जांच नहीं की। इन उड़ानों के साथ हज यात्रा के लिए समर्पित 36 फ्लाइट्स भी बिना किसी पैसेंजर के ही संचालित हुई थी।

गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही पीआईए ने पिछले महीने ही करीब 1000 कर्मचारियों की छुट्टी कर दी थी। कहा गया कि सरकार खर्च में कटौती करना चाहती है। इतना ही नहीं, उन रूट्स की समीक्षा भी की गई जिनसे लाभ नहीं होता। इन पर अगले महीने उड़ानें बंद की जाने वाली हैं। इन रूट्स के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।