सिविल अस्पताल में जापानी बुखार से निपटने के लिए चार बेड का वार्ड आरक्षित

May 22 2022

सिविल अस्पताल में जापानी बुखार से निपटने के लिए चार बेड का वार्ड आरक्षित

India Emotions. लखनऊ। राजधानी केे लोक बंधु अस्पताल में संचारी रोग अभियान में जापानी इंसेफलाइटिस पीड़ित बच्चों के लिए चार बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है। यह वार्ड अस्पताल की दूसरी मंजिल पर पीडियाट्रिक वार्ड के पास बनाया गया है। प्राथमिकता के तौर पर जेई का उपचार एवं बचाव की सारी सुविधाएं यहां पर मिलेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके सक्सेना (लोकबंधु) ने बताया कि इस वार्ड का प्रभारी डॉ. कमल कुमार वर्मा को बनाया गया है। सीएमएस ने संगोष्ठी में मरीजों एवं तीमारदारों को इस रोग से बचाव के लिए जरूरी जानकारी दी।

अस्पताल के आसपास बस्तियों में रोग से बचाव हेतु मच्छरों जनित रोगों के बारे में जानकारी देकर रोकथाम के उपाय बताए गए। डॉ.अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि जापानी इंसेफलाइटिस एक मच्छर जनित बीमारी है। जिसके मुख्य लक्षण बुखार, उल्टी, दिमाग की झिल्ली में सूजन है।

यह बीमारी जानलेवा भी हो सकती है। बच्चों में झटके आना इसका एक सामान्य लक्षण के रूप में देखा गया है। लोक बंधु अस्पताल में इस रोग के उपचार के लिए चिकित्सक एवं नर्सिंग टीम को प्रशिक्षित किया गया। जेई की बीमारी से निपटने के लिए अस्पताल तैयार है।