मीडिया में मरीज की खबर आने पर लोहिया संस्थान ने फोन कर मरीज को बुलाया

May 06 2022

मीडिया में मरीज की खबर आने पर लोहिया संस्थान ने फोन कर मरीज को बुलाया

लखनऊ। लोहिया संस्थान ने सिर व रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट के ऑपरेशन के बाद घर भेज दिया था। मरीज घर में ऑक्सीजन सपोर्ट पर चला गया। यह जानकारी पाकर संस्थान ने मरीज को फोन कर पुनः बुलाया। मरीज बच्ची को दोबारा भर्ती किया। संस्थान के डॉक्टरों ने परिजनों से वादा किया,कि जब तक मरीज का पूरा इलाज नही हो जाता तब तक मरीज को डिस्चार्ज नहीं किया जायेगा।फिलहाल न्यूरो सर्जरी विभाग में मरीज का इलाज चालू हो गया है।
सीतापुर के तानसेनगंज निवासी संदीप जायसवाल की बेटी हर्षी (13) करीब दो महीने पहले घर में फिसलकर गिर गई थी। परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में दिखाया था। वहां से मरीज को लोहिया संस्थान में भेज दिया गया था। परिवारीजनों का आरोप था कि जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज तक मुहैया नहीं कराया गया। गंभीर अवस्था में बच्ची को लोहिया के डॉक्टरों ने भर्ती किया। उसका ऑपरेशन किया। तबीयत में सुधार के बाद घर भेज दिया। पिछले सप्ताह मरीज की तबीयत फिर से बिगड़ गई। आनन-फानन परिवारीजन मरीज को सीतापुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पिता संदीप का आरोप है कि डॉक्टरों ने मरीज को भर्ती करने से मनाकर दिया था। थकहार कर मरीज को बीते मंगलवार को फिर लोहिया संस्थान लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मरीज को भर्ती किया। मरीज के सिर में अभी भी नली लगी हुई है। संदीप का आरोप है कि तीन मई को डॉक्टरों ने मरीज को जबरन डिस्चार्ज कर दिया था। जबकि मरीज को सांस लेने में दिक्कत है। वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर है। किसी तरह एम्बुलेंस से मरीज को सीतापुर ले गए। फिर जिला अस्पताल में मरीज को भर्ती नहीं किया गया। मजबूरन प्राइवेट अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर लिया। उसे घर पर लगाया गया। समुचित इलाज के अभाव में मरीज की हालत गंभीर हो गई थी।
मीडिया में खबर आने के बाद संस्थान प्रशासन ने हर्षी के परिवारीजनों को फोन कर बुलाया। परिवारीजन सुबह 11 बजे संस्थान पहुंचे। डॉक्टरों ने मरीज को भर्ती कर लिया। न्यूरो सर्जरी विभाग के डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया है। पिता संदीप व मरीज की दादी तीमारदारी कर रहे हैं। संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह का कहना है कि मरीज को समुचित इलाज मुहैया कराया जा रहा है।