प्रियंका गांधी ने की विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार की समीक्षा

Mar 15 2022

प्रियंका गांधी ने की विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार की समीक्षा
सोनिया गांधी ने पीसीसी अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा

India Emotions. नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को दिल्ली में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद यूपी कांग्रेस पार्टी नेताओं के साथ बैठक की है। जिसमें हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर समीक्षा की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

यूपी चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पदाधिकारी इस्तीफे दे रहे हैं। साथ ही बड़े परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। इतना ही नहीं प्रियंका गांधी द्वारा टिकट वितरण के फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस यूपी विधानसभा में अब तक की सबसे खराब स्थिति में है। उसके हिस्से में सिर्फ दो सीटें ही आईं। पार्टी के महज चार प्रत्याशी ही पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहे। लखनऊ, उन्नाव और बिजनौर आदि जिलों में पदाधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं। यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

उधर, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा के पीसीसी अध्यक्षों से इस्तीफा मांग लिया है। सुरजेवाला के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष, सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के पीसीसी अध्यक्षों से कहा है कि वे पीसीसी के पुनर्गठन की सुविधा के लिए अपना इस्तीफा दें।

इससे पहले, पांच राज्यों में मिली करारी हार पर मंथन के लिए रविवार को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई थी। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस्तीफे की पेशकश करते हुए कहा कि अगर पार्टी नेताओं को लगता है कि हार के लिए हम जिम्मेदार हैं तो हम तीनों (सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा) इस्तीफे के लिए तैयार हैं। हालांकि, पार्टी नेताओं ने उन पर पूर्ण विश्वास जताया और उनसे संगठनात्मक चुनाव पूरे होने तक पार्टी की कमान संभालने का आग्रह किया था।

बता दें कि उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस को मात्र 2 सीटों पर जीत मिली है। 2022 का यूपी विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी तरह से प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में लड़ा गया। हाथरस, लखीमपुर खीरी जैसे कई मुद्दों पर प्रियंका काफी हमलावर दिखाई दीं, लेकिन चुनावी नतीजों में पार्टी सिर्फ दो सीटें ही जीत सकी।

कांग्रेस की ओर से सिर्फ अराधना मिश्रा 'मोना' रामपुर खास से और महराजगंज के फरेंदा से वीरेंद्र चौधरी को ही जीत मिल सकी। इसके पहले, साल 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सात सीटों से संतोष करना पड़ा था। पिछला यूपी चुनाव कांग्रेस और सपा ने मिलकर लड़ा था, लेकिन इसके बावजूद भी पार्टी कोई कमाल नहीं दिखा सकी। प्रियंका गाधी ने हाथरस, लखीमपुर, उन्नाव आदि जैसे मुद्दे उठाकर यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा था।