मायावती ने सांसद रितेश पाण्डेय को लोकसभा में पार्टी के नेता के पद से हटाया

Mar 15 2022

मायावती ने सांसद रितेश पाण्डेय को लोकसभा में पार्टी के नेता के पद से हटाया
लोकसभा के बजट सत्र के दौरान नेताओं के पदभार में बदलाव किया

India Emotions. लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव सिर्फ एक पर जीत दर्ज करने वाली बहुजन समाज पार्टी ने बदलाव भी शुरू कर दिया है। बसपा ने यह बदलाव लोकसभा सदस्यों के कार्यभार में भी किया है। अम्बेडकर नगर से सांसद रितेश पाण्डेय को लोकसभा में पार्टी के नेता के पद से हटा दिया गया है।

बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा बसपा संसदीय दल की चेयर पर्सन मायावती ने लोकसभा के बजट सत्र के दौरान ही नेताओं के पदभार में बदलाव कर दिया है। अम्बेडकर नगर से बसपा के लोकसभा सदस्य रितेश पाण्डेय के स्थान पर अब गिरीश चंद्र जाटव को लोकसभा में पार्टी का नेता बनाया गया है। गिरीश चंद्र जाटव बिजनौर के नगीना से लोकसभा सदस्य हैं। इसके साथ ही राम शिरोमणि वर्मा लोकसभा में उप नेता के पद पर बरकरार रहेंगे जबकि संगीता आजाद को चीफ व्हिप बनाया गया है। पहले गिरीश चंद्र जाटव पार्टी के चीफ व्हिप थे।

बसपा प्रमुख मायावती ने सांसद रितेश पाण्डेय को जनवरी 2020 लोकसभा में पार्टी का नेता बनाया था। मायावती ने तब कहा था कि लोकसभा में पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एक ही समुदाय के होने के नाते इसमें थोड़ा परिवर्तन किया गया है।

अम्बेडकर नगर में राकेश पाण्डेय का कद काफी बड़ा माना जाता है। इस बार विधानसभा चुनाव से पहले बसपा के बड़े नेताओं लालजी वर्मा व राम अचल राजभर के बाद राकेश पाण्डेय के समाजवादी पार्टी में शामिल होने से बसपा का बड़ा गढ़ माने जाने वाले अम्बेडकर नगर जिले में बसपा साफ हो गई है।

दानिश अली की जगह रितेश पाण्डेय को लोकसभा में बसपा का नेता बनाया गया था।रितेश पाण्डेय को इस पद से हटाए जाने का कारण अम्बेडकर नगर में पार्टी की हार के साथ ही रितेश पाण्डेय के पिता बसपा से पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय के समाजवादी पार्टी से विधायक बनना भी माना जा रहा है।