चंद्रयान- 2 : ISRO ने ट्विटर पर विक्रम लैंडर को लेकर दी यह जानकारी

Sep 10 2019

चंद्रयान- 2 : ISRO ने ट्विटर पर विक्रम लैंडर को लेकर दी यह जानकारी

इंडिया इमोशंस न्यूज नई दिल्ली। हमारा देश हाल ही मामूली अंतर से एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल करने से चूक गया था। इसके बावजूद पूरी दुनिया में हिंदुस्तान के प्रयासों की सराहना हो रही है। जी हां, यहां हम चंद्रयान-2 की बात कर रहे हैं। 22 जुलाई को लॉन्च हुआ चंद्रयान- 2, 47 दिनों तक हर तरह की बाधा को पार करते हुए चांद के नजदीक पहुंच गया था।

6 और 7 सितंबर की दरम्यानी रात इसके लैंडर विक्रम को अपने अंदर रखे रोवर प्रज्ञान के साथ चंद्रमा की सतह पर उतरना था, लेकिन सिर्फ 2.1 किलोमीटर की दूरी पर ही वह रास्ता भटक गया और उसका भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से संपर्क टूट गया। एक बार तो इस अभियान से जुड़े वैज्ञानिक निराश हो गए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका हौसला बढ़ा उनकी हताशा दूर करने के साथ आगे के लिए प्रयास करने को प्रेरित किया।

वैसे इसरो प्रमुख के. सिवन ने कहा था कि चंद्रयान- 2 ने अपना 95 फीसदी तक लक्ष्य हासिल कर लिया है। ऑर्बिटर अगले 7 वर्ष तक चांद का चक्कर लगाता रहेगा और महत्वपूर्ण जानकारियां देता रहेगा।

इस बीच इसरो ने मंगलवार को ट्वीट कर विक्रम लैंडर को लेकर ट्वीट किया। इसरो ने लिखा कि चंद्रयान- 2 के ऑर्बिटर ने विक्रम लैंडर का पता तो लगा लिया, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। लैंडर से संपर्क स्थापित करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले इसरो ने बताया था कि ऑर्बिटर ने जो तस्वीर भेजी है, उसमें विक्रम का कोई टुकड़ा नहीं दिख रहा है। इसका मतलब है कि विक्रम बिल्कुल साबुत बचा है।