आतंकी का अब्बूजान समाजवादियों का भाईजान, अखिलेश की बंद है जुबान- अनुराग ठाकुर’

Feb 21 2022

आतंकी का अब्बूजान समाजवादियों का भाईजान, अखिलेश की बंद है जुबान- अनुराग ठाकुर’
केन्द्रीय मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

India Emotions, Lucknow. केन्द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि अहमदाबाद बम धमाकों के तार सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी से जुडें हैं। उन्होंने कहा कि इस सवाल पर अखिलेश यादव अब तक मौन हैं, चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस सवाल पर चुप्पी का कारण क्या है ?

श्री ठाकुर कहा कि आतंकी का अब्बूजान समाजवादियों का भाईजान इसलिए अखिलेश जी की बंद है जुबान। उन्होंने आरोप लगाया कि इनके तार सीधे-सीधे समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। इसलिए नहीं बता रहे हैं कि आजमगढ़ को आतंकवादियों का गढ़ बनाने का क्या है ये कनेक्शन। ये भी नहीं बता पा रहे हैं कि आतंकवादियों पर चुप्पी साधने का कनेक्शन आखिर क्या है?

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने फिर एक बार कहा कि यूपी में तीसरे चरण के चुनावों के बाद यह तय हो चुका है कि भाजपा पिछली बार से ज्यादा सीटें ला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह लहर काशी आते-आते दोगुनी हो जाएगी। मोदी जी-योगी जी की डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश की दशा-दिशा बदलने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुई है। हमने गुंडाराज, माफियाराज मुक्त यूपी बनाकर दिखा दिया है।

उन्होंने कहा कि मुजफ्फनगर दंगों से लेकर मऊ तक के दंगों की यादें भी अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी की सरकारों के साथ जुड़ी हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार के आते न मुजफ्फरनगर जैसे दंगे हुए, न मऊ जैसे दंगे हुए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता वो समय नहीं भूल सकती जब सपा की सरकार के समय आजम खान की भैंस को ढूंढने पुलिस वाले चले जाते थे लेकिन गरीब की बेटी को अगवा किये हुए अपराधी को ढूंढने कोई नहीं जाता था। ये एक बड़ा बदलाव पांच वर्षों में हमने देखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की दूसरी पारी में भी गुंडाराज, भ्रष्टाचार के खिलाफ करवाई और दृढ़ता के साथ जारी रहेगी। महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान के अधिकार और मिलते रहेंगे।