चुनाव आने पर वादा करते हैं कि रोजगार देंगे, अब तक क्यों नहीं दिया: प्रियंका गांधी

Feb 19 2022

चुनाव आने पर वादा करते हैं कि रोजगार देंगे, अब तक क्यों नहीं दिया: प्रियंका गांधी
कांग्रेस चाहती है कि यूपी में राजनीति बदले- प्रियंका गांधी

india emotions, लखनऊ। शनिवार से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा शुरू हुआ। पहले दिन प्रियंका गांधी ने रायबरेली के जोहवा शर्की, ग़ुरबक्शगंज, खीरों, सेमरी, सरेनी, लालगंज और डलमऊ में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। अपनी सभाओं में उन्होंने युवा, महिला और किसानों के मुद्दे पर भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए अपने रोडमैप के बारे में लोगों को बताया और कांग्रेस को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का काम होता है, विकास करना। लेकिन मैंने उत्तर प्रदेश के कोने कोने में घूमकर देखा है, हर जगह समस्याएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि छुट्टा जानवर आज उत्तर प्रदेश की बड़ी समस्या बन गए हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने इस समस्या का समाधान किया। कांग्रेस सरकार ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से 2 रुपये किलो गोबर खरीदना शुरू किया। इससे आवारा पशुओं की समस्या वहां ख़त्म हुई है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के विकास की बात, उनको सक्षम बनाने की बात राजनीतिक पार्टियां नहीं कर रही हैं। महिलाओं को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की बात कांग्रेस कर रही है। कांग्रेस अस्पतालों में महिला डॉक्टर और हर ब्लॉक के अस्पताल में एक महिलाओं के लिए कमरा होना चाहिए, इसकी बात कर रही है। महिलाओं के लिए हर क्षेत्र में पाठशाला होनी चाहिए ये हम वादा कर रहे हैं। विपक्षियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में रोजगार मिल ही नहीं रहा है। नेता चुनाव आने पर वादा करते हैं कि रोजगार देंगे, अब तक क्यों नहीं दिया ?

कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश के हर जिले में लड़कियों के लिए एक स्कूल बनाएंगे और पुलिस में 25 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित करेंगे। साथ ही अस्पतालों में महिलाओं के लिए महिला डॉक्टर होंगी। उन्होंने कहा, हम नौकरियों के लिए एक कैलेंडर बनाएंगे और समय-समय पर योजना बनाकर रोजगार देंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि आधी आबादी की बात पार्टियां क्यों नहीं कर रही हैं। ये लोग सोचते हैं कि महिलाओं को एक गैस सिलेंडर दो और वो खुश हो जाएंगी। हम 40 फीसदी महिलाओं को विधायक बनने का मौका दे रहे हैं। हमने महिलाओं की को सक्षम बनाने की बात की, तो अब हर दल उनके लिए घोषणाएं कर रहा है।

प्रियंका गांधी ने कहा सरकार लोगों को सशक्त करने का काम नहीं कर रही है। चुनाव आते ही वे आपको असुरक्षित महसूस कराना शुरू कर देते हैं। जाति-धर्म की बाते होती हैं, नफरत की बाते होती है, लेकिन वह विकास की बात नहीं करते। वे यह नहीं बताते कि इतने साल सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने लोगों की सेहत, शिक्षा और सुरक्षा के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने हजारों करोड़ रुपये विज्ञापन में फूंक दिए, वह जनता के पैसे थे, उससे जनता का विकास हो सकता था, लेकिन वह नहीं किया गया।