भाजपा की होगी 80 फीसदी भागीदारी, शेष 20 में बाकी दल: योगी

Jan 09 2022

भाजपा की होगी 80 फीसदी भागीदारी, शेष 20 में बाकी दल: योगी
चुनाव की तिथियों की घोषणा का स्वागत: मुख्यमंत्री

india emotions, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की संभावित घोषणा से पहले कहा कि प्रदेश का यह चुनाव 80 बनाम 20 का होगा जिसमें 80 फीसदी भागीदारी भारतीय जनता पार्टी की होगी, शेष 20 प्रतिशत हिस्से में बाकी सभी दल होंगे।

योगी ने शनिवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत करते हुये कहा है कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रदेश के चुनाव की तिथियों की घोषणा का स्वागत है। योगी ने ट्वीट कर कहा, “लोकतंत्र के महापर्व में प्रदेश के चुनाव की तिथियों की घोषणा का स्वागत। भारतीय जनता पार्टी डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता जनार्दन के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी।”

गोर हो कि मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में 10 फरवरी से सात मार्च तक सात चरण में चुनाव कराने की घोषणा की है। चंद्रा ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 10 मार्च को घोषित होंगे।

योगी ने यहां दूरदर्शन द्वारा आयोजित डीडी काँक्लेव में कहा कि भाजपा इस बार भी 300 से अधिक सीट जीतेगी। चुनाव में विपक्ष की चुनौती के सवाल पर योगी ने कहा, “2019 में सबसे बड़ा गठबंधन हुआ सपा, बसपा और लोकदल सहित तमाम पार्टियों ने मिलकर लड़ा था, तब सर्वाधिक 64 सीट भाजपा को और इसके बाद दूसरे स्थान पर बसपा को 10 एवं पांच सीट सपा को मिली थी। मैंने तब भी कहा था कि भाजपा 65 सीट जीतेगी।”

उन्होंने कहा कि इस बार सभी विरोधी दल अलग अलग चुनाव लड़ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि भाजपा फिर 300 से अधिक सीट जीतेगी। स्वस्थ लोकतंत्र में कुछ सीटें विपक्ष को भी मिलेंगी और यह होना भी चाहिये। चुनाव को कठिन परीक्षा बताये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव उन लोगों के लिये कठिन एवं चुनौतीपूर्ण इम्तिहान होता है जो अधूरी तैयारी होने के कारण भयभीत होते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे लिये चुनाव परीक्षा नहीं बल्कि उत्सव है।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार ने पांच साल सिर्फ जनहित के काम किये हैं इसलिये उनकी चुनाव में जाने की तैयारी पूरी है। योगी ने इसकी तुलना परीक्षा में जाने वाले विद्यार्थी से करते हुये कहा किो विद्यार्थी साल भर पढ़ाई करते हैं वे परीक्षा के समय घबराते नहीं हैं।