जनता ही जनार्दन निर्णय पर है पूरा भरोसा: स्वतंत्र देव सिंह

Jan 09 2022

जनता ही जनार्दन निर्णय पर है पूरा भरोसा: स्वतंत्र देव सिंह
प्रदेश में पुनः कमल खिलाने के लिए रात-दिन परिश्रम करना है

india emotions, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को विधानसभा चुनावों की घोषणा का स्वागत करते हुए देवतुल्य कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि चुनाव के इस शंखनाद के साथ हमें पूरे समर्पण भाव से उत्तर प्रदेश में पुनः कमल खिलाने के लिए रात-दिन परिश्रम करना है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप जैसे कर्मठ और लगनशील कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से भाजपा पुनः 300 प्लस सीटें जीतेगी।

उन्होंने जनता जनार्दन से अपील करते हुए कहा कि वह लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग करें। आपकी सहभागिता हमारे देश के लोकतंत्र की ताकत है। लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन होती है। दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी होने के नाते भाजपा को इसका बखूबी अहसास है। साथ ही जनता के निर्णय पर पूरा भरोसा भी। भाजपा के लिए देश, देश की जनता की खुशहाली सर्वाेपरि रही है और रहेगी भी। इसी को केंद्र में रखकर डबल इंजन मोदी-योगी की सरकार ने सारी योजनाएं बनाईं, उनपर पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता से अमल भी किया। हमने जो कहा उसे पूरा करके दिखाया है।

अपने आवास पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, 2022 का विधानसभा चुनाव कामदारों और नामदारों के बीच होना है। भाजपा कामदारों की पार्टी है, जिसने गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक, वंचित, पिछड़े और दलितों का कल्याण करने के लिए अनथक परिश्रम किया है।

नामदार वे हैं जिनके लिए परिवार ही पार्टी है, उसके विकास के लिए जिन्होंने प्रदेश के संसाधनों की लूट की, उसे भ्रष्टाचार के दलदल में डुबोया, दंगे-फसाद कराकर बहन-बेटियों और प्रदेशवासियों को असुरक्षा और डर के माहौल में जीवन जीने को मजबूर किया। माफ़ियावादी संस्कृति का पोषण किया। इन नामदारों के चेहरे बेनकाब हो चुके हैं।