यूपी विधानसभा चुनाव मैदान में उतरी इनकमटैक्स टीम : अखिलेश यादव

Dec 18 2021

यूपी विधानसभा चुनाव मैदान में उतरी इनकमटैक्स टीम : अखिलेश यादव

india emotions, रायबरेली। सपा मुखिया अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा शनिवार को दूसरे दिन रायबरेली पहुंची। इस दौरान उन्होंने कहा कि इनकमटैक्स भी उत्तर प्रदेश 2022 का चुनाव लड़ने आ गया है। प्रदेश में भाजपा को हार का डर बन गया है, इसलिए चुनाव मैदान में इनकम टैक्स को उतार दिया है। अभी ईडी और सीबीआई का आना बाकी है।

बता दे, शनिवार को प्रदेश के मऊ, मैनपुरी, आगरा व लखनऊ में समाजवादी पार्टी के नेताओं पर आवास तथा प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव ने विभाग को भी चुनाव के मैदान में उतार दिया।

अखिलेश यादव ने रायबरेली में अपने प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को विजय रथ यात्रा पर रवाना होने से पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का नहीं बल्कि ठोको राज तथा बुलडोजर राज है। यह सरकार तो आम जनता को अपमानित करने का काम करती है। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्र की नरेन्द मोदी सरकार भेदभाव के आधार पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि इनकी कार्यशैली से तो तय है कि उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होगा। अपनी हार के डर भाजपा ने चुनाव मैदान में इनकमटैक्स को उतार दिया है।