''कांग्रेस जैसे दलों ने प्रभु राम के अस्तित्व को नकार कर महर्षि बाल्मीकि के अस्तित्व को भी नकारने का काम किया''

Nov 17 2021

''कांग्रेस जैसे दलों ने प्रभु राम के अस्तित्व को नकार कर महर्षि बाल्मीकि के अस्तित्व को भी नकारने का काम किया''

india emotions, lucknow.भारतीय जनता पार्टी के सामाजिक सम्पर्क अभियान के तहत आयोजित सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने सम्बोधित किया। भगवान महर्षि बाल्मीकि को नमन करके पंचायत भवन अलीगंज लखनऊ में प्रारम्भ हुए सम्मेलन को राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेन्द्र नाथ बाल्मीकि, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सदस्य राम सिंह बाल्मीकि तथा साध्वी गीता प्रधान, विधायक प्रमोद ओठवाल, अनूप प्रधान बाल्मीकि, पार्टी के प्रदेश मंत्री अमित बाल्मीकि, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मंजू दिलेर, सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य श्यामलाल बाल्मीकि तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश मंत्री राहुल बाल्मीकि ने भी सम्बोधित किया।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आदि कवि महर्षि बाल्मीकि ने प्रभु श्री राम के चरित्र को रामायण के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया है। देश महर्षि बाल्मीकि का ऋणी है। कांग्रेस जैसे दलों ने प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकार कर महर्षि बाल्मीकि के अस्तित्व को भी नकारने का काम किया है। यह देश प्रभु श्री राम के आदर्श पर चलता है और महर्षि बाल्मीकि द्वारा वर्णित राम राज्य की स्थापना को ही आदर्श राज व्यवस्था मानता है। भारतीय जनता पार्टी भय, भूख, शोषण, पक्षपात, अत्याचार से रहित सबके कल्याण और राष्ट्र के वैभव तथा विकास से महर्षि बाल्मीकि की राम राज्य की अवधारणा को मूर्त रूप देने के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश सरकार में अपराधी और अत्याचारी भयाक्रान्त है और प्रदेश के नागरिक निर्भय है।

श्री सिंह ने कहा कि जब कुम्भ में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता कर्मियों के पैर धोते है तो उसके साथ ही पूरे विश्व को यह संदेश भी देने का काम करते है कि स्वच्छता के कार्य में लगे लोग सिर्फ सम्मान के ही नहीं श्रद्धा के भी पात्र हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भाजपा सरकार की प्रत्येक योजना गरीब, वंचित, पिछडों, अनुसूचित वर्ग की खुशहाली के लिए समर्पित की है। भारतीय जनता पार्टी जातिवादी पार्टी नहीं है परन्तु सभी जातियों का भाजपा में सम्मान है।
उन्होंने कहा कि अलगाववादियों तथा अतिवादियों ने उत्तर प्रदेश में डेरा डाल लिया है। वह प्रदेश में क्षेत्रवाद, जातिवाद व साम्प्रदायिकता का जहर घोलने के लिए आ चुके है। यह विघटनकारी शक्तियां देश, देशभक्तों तथा भारतीय संस्कृति तथा संस्कारों को अपमानित करने का काम कर रही हैं। सत्ता में आने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन तथा हथकड़ंे अपनाए जा रहे है। लेकिन प्रदेश में ऐसी ताकतों को पैर नहीं जमाने देना है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता पार्टी में बूथ अध्यक्ष से राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पंचायत सदस्य से राष्ट्रपति तक किसी भी दायित्व तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि गरीब को पक्का मकान, राशन, दवाई के साथ ही सुरक्षा तथा सम्मान की प्रतिबद्धता के साथ योगी जी के नेतृत्व की भाजपा सरकार काम कर रही है। मां, बहन, बेटी को सुरक्षा व सम्मान भाजपा सरकार में सुनिश्चित हुआ है। आज किसी की हिम्मत नहीं जो किसी के प्लाट, जमींन, मकान या किसी भी बहन-बेटी को आंख उठा कर देख ले।

उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा कि चुनाव आते ही विपक्षी दलों के लोग मौसमी राम भक्त बन गए हैं। आज वे घंटा बजाने व हनुमान चालीसा के पाठ का अभ्यास कर रहे हैं क्योंकि उन्हे राम भक्तों की ताकत का एहसास हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी ने मंदिर निर्माण की बाधाओं को दूर किया है और आज तेजी से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में विघटनकारी ताकतें फिर सक्रिय हो गई हैं। वे समाज को जाति धर्म में बांटना चाहती हैं। देश में कुछ शक्तियां ऐसी हैं जिनकी मानसिकता संकीर्ण है। ये ऐसे लोग है जो प्रधानमंत्री के सामर्थ्य से घबराते हैं। चीन और पाकिस्तान नहीं चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आए। यह विनाशकारी ताकते हैं जो भयाक्रान्त है तथा देश में अपने प्रतिबिम्ब ढूढ रही हैं।