'समाजवादी-इत्र' से समाजवादी पार्टी के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली: स्वतंत्र देव सिंह

Nov 10 2021

'समाजवादी-इत्र' से समाजवादी पार्टी के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली: स्वतंत्र देव सिंह

india emotions, lucknow. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके द्वारा लांच किये गये इत्र से समाजवादी पार्टी के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली है। उनकी भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, गुंडाराज अपराधी व अपराध तथा सरकारी धन की खुली लूट के संरक्षण से उत्पन्न हुई विषैली गंध मिट नहीं सकती है। इससे त्रस्त होकर ही जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से बेदखल किया था। प्रदेश की जनता अब दोबारा समाजवादी पार्टी के गुंडाराज व भ्रष्टाचार के जहरीले कॉकटेल को मौका नहीं देने वाली।

श्री सिंह ने मंगलवार को कहा कि सपा मुखिया चाहे जितना भी इत्र लगा लें अब जनता उनकी तरफ आकर्षित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी अभी तक भूलें नहीं हैं कि सपा कार्यकाल में किस प्रकार गुंडे, माफियाओं का महिमामंडन होता था।

मंत्रियों की गाड़ियों में माफिया घूमते थे, सरकार आतंकवादियों के मुकदमें वापस ले रही थी। अब जब माफिया और गुंडों पर योगी सरकार कार्रवाई कर रही है, आज अपराधी खुद थानों में सरेंडर कर रहे हैं तो सपा मुखिया को दर्द हो रहा है। सपाराज में सरकारी संरक्षण में हुए अवैध कब्जों पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है तो अखिलेश यादव को दर्द हो रहा है। जबकि जनता भाजपा सरकार के फैसलों का स्वागत कर रही है। उन्होंने कहा कि असलियत यह है कि जो 24 घंटे मोहम्मद अली जिन्ना के नाम की माला जपता हो उसे प्रदेश का विकास कभी नही दिख सकता। उसे तो सिर्फ विभाजन के ही स्वप्न दिखाई देते है।

श्री सिंह ने कहा कि मुजफ्फरनगर के दंगे और कैराना से पलायन सपा सरकार की विभाजनकारी नीतियों का ही परिणाम था। उन्होंने कहा कि शास्त्रीय संगीत और व्यवसाय के क्षेत्र में पहचान रखने वाले कैराना में सपा सरकार ने अराजक तत्वों और गुंडों को परम समर्थन देकर उसकी पहचान छीनने की कोशिश की। मुजफ्फरनगर का दंगा हो या कैराना का पलायान, इनके गुनाहगारों को सपा सरकार में खुला समर्थन हासिल था। अब भाजपा सरकार में यह सब बंद हो चुका है।