प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अमित शाह ने अयोध्या विवाद का समाधान कराया: योगी आदित्यनाथ

Oct 30 2021

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अमित शाह ने अयोध्या विवाद का समाधान कराया: योगी आदित्यनाथ
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सदस्यता अभियान का किया शुभारम्भ

india emotions, लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान, वृन्दावन योजना से भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारम्भ किया। श्री शाह ने अवध क्षेत्र के शक्ति केन्द्र संयोजकों व प्रभारियों को सम्बोधित करते हुए अबकी बार 300 पार के विजय संकल्प का उद्घोष किया। इसके साथ ही श्री शाह ने मोदी इलेवन ऐप को लांच किया तथा पार्टी के चुनाव प्रचार एलईडी रथों को झंडी दिखाकर विजय पथ पर रवाना किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, केन्द्रीय मंत्री एव प्रदेश के चुनाव सहप्रभारी अनुराग ठाकुर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, केन्द्रीयमंत्री डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, कौशल किशोर, अजय मिश्र, संजीव वालियान सहित कई अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी व प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में एकरूपता है। भाजपा जो कहती है वो करती है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा के वृहद सदस्यता अभियान के शुभारंभ मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2014 में देश ने एक अंगड़ाई ली थी। देश में एक नई राष्ट्रीय चेतना का संचार हुआ। दशकों तक वंचित, शोषित और पीड़ित रहे लोगों के जीवन में खुशहाली आई। योगी ने कहा कि 2014 के बाद न केवल शासन की योजनाओं का लाभ इन लोगों तक पहुंचाने का काम हुआ बल्कि भारत की अस्मिता से जुड़े हुए मुद्दों और मूल्यों की पुनर्स्थापना का जो कार्य हुआ। गरीब कल्याणकारी योजनाएं हों या फिर भारत के आन-बान और शान, भारत की एकता-अखंडता को अक्षुण्ण रखते हुए एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना, सब को साकार करने का का कार्य हुआ। लखनऊ आगमन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का सपना संजोए हर भारतीय के मन में एक टीस थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में अमित शाह जी ने अयोध्या विवाद का समाधान कराया। गांव-गांव, जिले-जिले, मंडल-मंडल घूमे और 2014 में प्रदेश प्रभारी के रूप में और फिर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाई। दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में भाजपा को प्रतिष्ठापित किया। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में भाजपा के लाखों कार्यकर्ता प्राण-प्रण से अपना योगदान कर एक बार फिर भाजपा को जीत दिलाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद युवाओं को बिना रिश्वत के नौकरी मिल रही है। इसके पहले सपा सरकार में सूची सैफई से बनकर आती थी। श्री सिंह ने कहा कि भारतीय राजनीति को राष्ट्रधर्म का बोध कराने वाले नेतृत्व और व्यक्त्वि का नाम है अमित भाई शाह, जो वाणी में ओजस्विता एवं कार्य की तेजस्विता से आज भारतीय जनमानस के प्रेरणापुंज है। अमित भाई शाह जी की कार्यशैली पूर्ण परिणाम पर आधारित है। वह परिणाम भेदी लक्ष्य लेकर चलते है। चाहे वह सामान्य कार्यकर्ता के रूप में बूथो पर गुजरात में संगठन का कार्य हो या फिर उत्तर प्रदेश में 2014, 2017 व 2019 का चुनाव अब तक इतिहास मे सर्वाधिक सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रंचड जनादेश की सरकार हो या फिर चाहे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय यशस्वी अध्यक्ष के रूप में विश्व के सबसे बडे राजनैतिक दल होने का गौरव पार्टी को दिलवाया हो।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान, कार्यकर्ता भाव की जागृति आपके अध्यक्षीय कार्यकाल में हुई है। सशक्त, समर्थ और आत्मनिर्भर भारत के लिए पहली बार सहकारिता मंत्रालय का गठन और जिम्मेदारी आपको मिलने से देश को संबल प्राप्त हो रहा है। आज हम इस स्वर्णिमकाल के साक्षी बन रहे है, जिसमें सेवा, संगठन का नेतृत्व निश्चित रूप से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी कर रहे हैं। लेकिन उनके पीछे सामूहिक शक्ति एवं जागृति करने वाले कर्म योगी अमित भाई शाह का वन्दन और हार्दिक अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि संगठन की सदस्यता का आज शुभारम्भ हो रहा हैं, जो पार्टी के नए सदस्य व कार्यकर्ता निर्माण में सहायक होगा।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की कार्यशैली की तारीफ करते हुए श्री सिंह ने कहा कि 2014 के बाद उत्तर प्रदेश में जितने भी चुनाव हुए सभी की रणनीति अमित शाह ने तय की और पार्टी को अपार सफलता मिली। वे लक्ष्य तय कर कार्य शुरू करते हैं। उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं का आवाहन किया है की प्रदेश में फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। हमारे पास नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व अमित शाह जी जैसा रणनीतिकार और प्रदेश में योगी जैसा मुख्यमंत्री है। भाजपा ने गरीबों के लिए बहुत कार्य किया है, इसे जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठन को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने खड़ा किया है। प्रदेश में जब सपा-बसपा की सरकार थी तो बेटियां घर से बाहर भी नहीं निकल सकती थी। योगी सरकार बनने के बाद अब आधे रात को भी लड़कियां निर्भय होकर सड़कों पर चल रही है। भ्रष्टाचार का खात्मा हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता 2017 का परिणाम दोहराने के लिए तैयार हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2014 में क्या कोई कल्पना कर सकता था कि दस सांसद वाली पार्टी को उत्तर प्रदेश से 73 सांसद मिलेगें ये प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी जी और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के कुशल नेतृत्व का नतीजा रहा। इसी तरह इन्हीं के कुशल नेतृत्व में हमने 2017 में प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाई। पहले जब हम कश्मीर से धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर बनाने की बात करते थे तो लोग विश्वास नहीं करते थे। 70 साल की समस्या को गृह मंत्री अमित शाह ने 70 मिनट में खत्म कर दिया।

उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में पूरे देश में कार्यकर्ताओं में जोश आया और हम लगातार एक के बाद एक राज्य का चुनाव जीतते चले गय। उत्तर प्रदेश में आज स्थितियां बदली हैं। एक बार फिर हम उन्हीं चुनौतियों का सामना करने जा रहे हैं जो चुनौतियां 2017 में हमारे सामने थी कोई जातीय सम्मेलन कर रहा था तो कोई बाहुबलियों को साथ लेकर धमका रहा था तो कोई विदेशी धन के सहारे चुनौती दे रहा था।

लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने सारी चुनौतियों को विफल किया भाजपा ने जो कहा वह किया 5 साल के शासन में हमने जो किया वह पहले कभी नहीं हुआ 11000 करोड़ की अर्थव्यवस्था को हमने 22000 करोड़ की अर्थव्यवस्था में तब्दील किया। कोई महाराष्ट्र से आकर चुनौती दे रहा है तो कोई हैदराबाद से तो कोई पश्चिम बंगाल से हमें इन सभी चुनौतियों को विफल करना है। जब सपा-बसपा मिलकर लड़ी तभी हमारे कार्यकर्ताओं ने उनके मंसूबे विफल किए। सपा-कांग्रेस मिलकर लड़ी तब भी भाजपा नंबर 1 रही। एक बार फिर सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज तैयार है।