वाराणसी: कांग्रेसियों ने प्रियंका गांधी वाड्रा के स्वागत में जगह-जगह लगाये पोस्टर, बनाया विशाल मंच

Oct 10 2021

वाराणसी: कांग्रेसियों ने प्रियंका गांधी वाड्रा के स्वागत में जगह-जगह लगाये पोस्टर, बनाया विशाल मंच
कांग्रेसियों ने लगाये राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा के पोस्टर व कटआउट

india emotions, वाराणसी।यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर एक बार फिर से बनारस चुनावी रणभूमि बनने जा रहा है। इसकी शुरुआत आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के जगतपुर कॉलेज से करने जा रही हैं। पूरे शहर में जगह -जगह राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा के पोस्टर व कटआउट कांग्रेसियों ने लगाये है।

विशाल मंच तैयार किया गया है, जिसमे प्रियंका गांधी व कांग्रेस नेता विराजमान होकर भाषण देंगे। इसी मंच से किसान न्याय रैली में प्रियंका गांधी किसानों का मुद्दा उठाएंगी।

लखीमपुरी खीरी कांड के आरोपियों पर कार्रवाई, गृह राज्य मंत्री की बर्खास्तगी और नये कृषि कानूनों की वापसी का मुद्दा उठाएंगी। रैली के बहाने किसान आंदोलन को पश्चिम से पूरब की तरफ मोड़ने की रणनीति बनाई गई है।

रैली में पूर्वांचल समेत आसपास के जिलों से किसान और मजदूर हिस्सा लेंगे। बनारस से किसान न्याय यात्रा आरंभ होगी जो प्रदेश भर में जाएगी। बंगाल में खराब प्रदर्शन के बाद यूपी में कांग्रेस ने पूरी ताकत के साथ जनता का विकल्प बनने का निर्णय लिया है। प्रियंका ने अपने चुनावी अभियान के शंखनाद के लिए वाराणसी को यूं ही नहीं चुना है।

प्रियंका रविवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करके भी आम मतदाताओं को बिन बोले खास संदेश देंगी। कभी प्रियंका की दादी पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी काशी विश्वनाथ मंदिर आकर पूर्जा अर्चना करती थी।