गोमती होटल के मैनेजर ने सुसाइड नोट लिख कर खुद को मारी गोली, मौत

Oct 09 2021

गोमती होटल के मैनेजर ने सुसाइड नोट लिख कर खुद को मारी गोली, मौत

india emotions, लखनऊ। गाजीपुर इलाके में पर्यटन विभाग द्वारा संचालित होटल गोमती के बार मैनेजर ने शनिवार को लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह आत्मघाती कदम उठाने से पहले उन्होंने अपर मुख्य सचिव गृह और पुलिस कमिश्नर को सम्बोधित सुसाइड नोट लिखे हैं। सुसाइड नोट में लिखा है कि उन्हें झूठे मामले में फसाने की साजिश रची जा रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर 11 इंदिरानगर निवासी अशोक पाठगोमती होटल के बार मैनेजर थे। उनकी पत्नी सरकारी स्कूल में टीचर हैं। पत्नी के मुताबिक होटल के मैनेजर संगीत गर्ग उन्हें बहुत प्रताड़ित कर रहे थे। सुबह 10 बजे ड्यूटी पर बुलाकर रात में 3 बजे तक काम करवाते थे।

अशोक की पत्नी ने एक वीडियो में बताया कि पति नवरात्र व्रत थे। बावजूद इसके मैनेजर उनसे 16 से 18 घंटे तक काम ले रहे थे। मैनेजर की प्रताड़ना की वजह से अशोक ने तीन दिन से कुछ भी नही खाया था। अवसाद में आकर शनिवार को उन्होंने आत्महत्या कर ली। अशोक ने मरने से पहले सुसाइड नोट में लिखा है कि सुरेश पाल उन्हें किसी की आत्महत्या के मामले में झूठे केस में फसाने की साजिश रच रहे हैं।

इसकी वजह से वह बेहद आहत हैं। दरवाजे पर पुलिस आएगी तो आत्म सम्मान को ठेस पहुचेगा। इसलिए आत्महत्या कर रहा हूँ। पत्नी ने पुलिस प्रशासन से होटल मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर गाजीपुर अनिल कुमार का कहना है कि परिवार की तरफ से अभी कोई तहरीर नही मिली है।

अशोक ने अपनी पत्नी और बच्चों के नाम भी एक नोट लिखा है। इसमे लिखा है कि उनकी मौत के बाद कोई भी क्लेम लेने निगम कार्यालय न जाएं। इंस्पेक्टर अनिल कुमार का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। सुरेश पाल कौन है इसका भी पता लगाया जा रहा है।