मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम का शुभारम्भ

Sep 30 2021

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम का शुभारम्भ
मुख्यमंत्री ने लोक भवन में किया ‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम का शुभारम्भ

india emotions, lucknow. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार द्वारा इस दिशा में निरन्तर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की बहन, बेटियों की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में इस अभियान को विभिन्न विभागों के अन्तर्विभागीय समन्वय के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मिशन शक्ति के तृतीय चरण के अन्तर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग द्वारा ‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है।

मुख्यमंत्री यहां लोक भवन में मिशन शक्ति के तृतीय चरण के अन्तर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग द्वारा आयोजित ‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में प्रति जनपद 1,000 महिलाओं के लिए 03 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण तथा 1 दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने कर कमलों से 12 महिलाओं को कौशल विकास एवं प्रशिक्षण किट वितरित किये। साथ ही, महिला उद्यमी हेल्पलाइन 1800-212-6844 तथा वेबसाइट ww.msmemissionshakti.in का शुभारम्भ किया। उन्होंने डाक विभाग के सहयोग से सभी 75 जनपदों के ओडीओपी उत्पाद के विशेष कवर व विशेष विरूपण का अनावरण एवं विमोचन भी किया। उन्होंने प्रशिक्षण पुस्तिका का भी विमोचन किया।

महिला उद्यमिता हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला उद्यमिता हेल्पलाइन से उद्यमशीलता में आने वाली समस्याओं का शीघ्र निस्तारण हो सकेगा। यह वेबसाइट महिला उद्यमियों को विभाग से जुड़ी हुई जानकारी तथा प्रत्येक जनपद में दिये जा रहे प्रशिक्षण के सम्बन्ध में रियल टाइम सूचना उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज डाक विभाग द्वारा 75 जनपदों के ओडीओपी उत्पाद के जो विशेष आवरण जारी किये गये हैं, वह सम्पूर्ण भारत में एक रिकॉर्ड है।

ओडीओपी उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान
इससे पूर्व, इतने वृहद व विस्तृत स्तर पर भारतीय डाक द्वारा एक ही विषय पर आवरण जारी नहीं किये गये हैं। इन 75 विशेष आवरण में से 15 विशेष आवरण जीआई टैग प्राप्त ओडीओपी उत्पादों के हैं। इससे प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों को व्यापक राष्ट्रीय पहचान मिलेगी तथा इन स्पेशल आवरणों का उपयोग सरकारी पत्राचारों में किया जाना चाहिए।

‘निर्भया-एक पहल’ से...
मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएसएमई विभाग की ‘निर्भया-एक पहल’ से प्रदेश की महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सबल व सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को अगले तीन माह में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से प्रदेश के बैंकों से सस्ता लोन, विभिन्न योजनाओं के तहत सब्सिडी उपलब्ध कराकर इनके स्वावलम्बन की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाए। महिलाओं को सबल, सफल व सुरक्षित बनाने की इस पहल से महिलाओं को उनके कार्यस्थल पर सुरक्षा व सशक्तिकरण हेतु जागरूकता में वृद्धि भी होगी।

‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन एक-दूसरे से जुड़े हैं। सुरक्षा के वातावरण में महिलाओं को स्वावलम्बी बनाते हुए उनकेे सम्मान में वृद्धि एवं उसकी रक्षा की जा सकती है। प्रदेश सरकार द्वारा नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा व स्वावलम्बन के कार्य को मिशन मोड में आगे बढ़ाने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना पूरे देश में अपना गरिमामयी स्थान प्राप्त कर रही है। उसी तरह मिशन शक्ति का यह अभियान भी पूरे देश में सशक्त रूप से अपने प्रभावी परिणामों को प्राप्त करेगा, जिससे प्रदेश की माताएं व बहनें देश के विकास में अपनी अग्रणी भूमिका का निर्वहन करेंगी और प्रदेश को एक नयी पहचान दिलाने का कार्य भी करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मिशन शक्ति के अन्तर्गत चरणबद्ध रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। प्रदेश के गृह विभाग, महिला कल्याण विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज विभाग, नगर विकास विभाग के बाद आज एमएसएमई विभाग इस कार्यक्रम के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान से जुड़ गया है। अब तक एमएसएमई विभाग पुरुषों के स्वावलम्बन के लिए कार्य कर रहा था। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि अब एमएसएमई विभाग 75,000 महिलाओं को प्रशिक्षित करते हुए उनके स्वावलम्बन के कार्य को आगे बढ़ा रहा है, जिसकी आज प्रदेश में शुरुआत की गयी है।

वर्ष 2017 में एण्टी रोमियो स्क्वॉड का गठन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मजबूत कानून-व्यवस्था एवं सुशासन द्वारा प्रदेश की बहन-बेटियों के सम्मान व उनकी सुरक्षा में वृद्धि की जा रही है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 में एण्टी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया था। सभी सार्वजनिक स्थलों पर महिला पिंक बूथ स्थापित किये गये हैं। प्रदेश की सभी तहसीलों व थानों में महिला हेल्पडेस्क बनाये गये हैं, जहां पर महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरी संवेदनशीलता के साथ महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। स्थापित हो चुके ग्राम सचिवालयों में मिशन शक्ति के तृतीय चरण के अन्तर्गत महिला शक्ति बूथ का गठन किया गया है। इन महिला शक्ति बूथों पर महिला बीट पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं की शिकायतों व समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।