विकास से ही अमरोहा के लोगों के सुख एवं समृद्धि का मार्ग सुदृढ़ हो सकेगा: मुख्यमंत्री

Sep 22 2021

विकास से ही अमरोहा के लोगों के सुख एवं समृद्धि का मार्ग सुदृढ़ हो सकेगा: मुख्यमंत्री
433 करोड़ रुपए लागत की 31 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

इंडिया इमोशंस, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद अमरोहा में 433 करोड़ रुपए लागत की कुल 31 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में विधानसभा नौगावां सादात के गजस्थल में 06 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से निर्मित राजकीय आईटीआई, विधानसभा अमरोहा में 04 करोड़ 54 लाख रुपए की लागत से निर्मित 5,000 मीट्रिक टन का गोदाम, विधानसभा हसनपुर में 03 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र नगला खादर तथा विधानसभा धनौरा में 03 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र जलालपुर कलां सहित कुल 13 परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई परियोजनाओं में विधानसभा अमरोहा में 267.47 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस लाइन के आवासीय/अनावसीय भवन, विधानसभा हसनपुर में 45.32 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 132 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र चचौरा, विधानसभा हसनपुर में 23.92 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सोहतपुर, विधानसभा हसनपुर में 13.54 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अग्निशमन केन्द्र, विधानसभा अमरोहा में 14.43 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नवीन मण्डी स्थल में मैंगो एवं वेजीटेबल इण्टीग्रेटेड पैक हाउस सहित कुल 18 परियोजनाएं सम्मिलित हैं।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जनपद अमरोहा में एक साथ 433 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास सम्पन्न हुआ है। यह विकास परियोजनाएं जनपदवासियों के जीवन में सुधार व समृद्धि लाएंगी। इससे पूर्व, जनपद हापुड़, बिजनौर, सम्भल, नोएडा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि विकास ही आगे बढ़ने का माध्यम बनेगा। विकास से ही जनपद अमरोहा के लोगों के सुख एवं समृद्धि का मार्ग सुदृढ़ हो सकेगा। वर्तमान राज्य सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य धरातल पर दिखायी दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद अमरोहा की विधानसभा धनौरा, हसनपुर व नौगावां सादात के जनप्रतिनिधिगण के परिश्रम के माध्यम से ही आज 433 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में गड्ढों व अंधेरे से उ0प्र0 के बॉर्डर की शुरुआत होती थी, लेकिन अब प्रदेश में भयमुक्त शासन, गड्ढामुक्त सड़क और विद्युत की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सड़कों का तेजी से चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की भ्रष्टाचार एवं अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गई है। सार्वजनिक सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने वालों, गरीबों, कमजोरों को सताने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार महिला सम्मान, सुरक्षा व स्वावलम्बन के लिये प्रतिबद्ध है। राज्य में बहन-बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है। वे भयमुक्त होकर अपना जीवनयापन कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आत्मसम्मान के लिए मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना आदि योजनाएं संचालित जा रही हैं। प्रदेश में पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत महिलाओं को मौका दिया गया है। आज प्रदेश में 30,000 महिला पुलिसकर्मी बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए अपनी सेवाएं दे रही हैं।