अवनि लेखरा को 3 करोड़, देवेंद्र झाझड़िया को 2 करोड़ और सुंदर सिंह गुर्जर को करोड़ देने की घोषणा

Aug 30 2021

अवनि लेखरा को 3 करोड़, देवेंद्र झाझड़िया को 2 करोड़ और सुंदर सिंह गुर्जर को करोड़ देने की घोषणा

जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पैरालिम्पिक खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाडि़यों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके लिए ईनामी राशि की घोषणा की है। गहलोत ने स्वर्ण पदक विजेता शूटर अवनी लेखरा को 3 करोड़ रूपए, रजत पदक विजेता जेवलिन थ्रोअर देवेन्द्र झांझडिया को दो करोड़ रूपए तथा कांस्य पदक विजेता जेवलिन थ्रोअर श्री सुन्दर गुर्जर को एक करोड़ रूपए ईनामी राशि के रूप में देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाडि़यों ने जीवटता की मिसाल कायम करते हुए देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश की अन्य खेल प्रतिभाओं को भी उनकी इस उपलब्धि से राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में खिलाडि़यों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ओलंपिक खेलों में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली ईनामी
राशि 75 लाख, 50 लाख तथा 30 लाख रूपए को वर्ष 2020-21 के बजट में बढ़ाकर क्रमशः
3 करोड़ रूपए, 2 करोड़ रूपए तथा 1 करोड़ रूपए करने की घोषणा की थी। इसी तरह
एशियाई एवं राष्ट्रमण्डल खेलों में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली 30
लाख, 20 लाख एवं 10 लाख रूपए की ईनामी राशि को बढ़ाकर क्रमशः 1 करोड़ रूपए, 60
लाख रूपए एवं 30 लाख रूपए करने की भी उन्होंने बजट में घोषणा की थी। खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में पदक विजेता खिलाडि़यों को आउट ऑफ टर्न
पाॅलिसी के आधार पर राजकीय सेवाओं में नियुक्तियां दी जा रही हैं। टोक्यो पैरालिम्पिक
खेलों में मेडल जीतने वाले तीनों खिलाड़ी अवनी लेखरा, देवेन्द्र झांझडि़या तथा सुन्दर गुर्जर को राज्य सरकार ने आउट ऑफ टर्न आधार पर वन विभाग में सहायक वन संरक्षक के रूप में नियुक्ति प्रदान की है। प्रदेश की इन तीनों खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पैरालिम्पिक खेलों के प्रशिक्षण के रूप में 5-5 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। अवनी लेखरा और सुन्दर गुर्जर को राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण तथा अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। अवनी जयपुर की आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त जगतपुरा शूटिंग रेंज में तथा सुन्दर सवाई मानसिंह स्टेडियम की एथलेटिक्स स्पोट्र्स अकादमी में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं।