मीडिया संस्थान दैनिक भास्कर ग्रुप के दफ्तरों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की छापेमारी

Jul 22 2021

मीडिया संस्थान दैनिक भास्कर ग्रुप के दफ्तरों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की छापेमारी

India Emotions. नई दिल्ली। देश के नामी मीडिया संस्थान दैनिक भास्कर ग्रुप के दफ्तरों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापेमारी की है। छापेमारी के तहत आईटी विभाग की टीम ने दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में स्थित दैनिक भास्कर समूह के ठिकानों पर छापेमारी की है।

दैनिक भास्कर ग्रुप देश में कुल 5 समाचार पत्रों का प्रकाशन करता है। हिंदी, मराठी और गुजराती भाषा में उसके 65 संस्करण देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रकाशित होते हैं। दैनिक भास्कर समाचार पत्र समूह ने इस साल अप्रैल और मई में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान बड़े पैमाने पर कवरेज की थी। यही नहीं अखबार की ओर से ऐसी भी कई रिपोर्ट्स प्रकाशित की गई थीं, जिनमें कोरोना सरकारी आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए असल में मौतों की संख्या ज्यादा बताई गई थी।

छापेमारी को लेकर मानसून सत्र में विपक्ष दलों ने गुरुवार को इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है। विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा में भास्कर ग्रुप पर इनकम टैक्स विभाग के छापों का विरोध किया और नारेबाजी की। इसके बाद सदन दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया। लोकसभा में भी हंगामा हुआ, यहां फोन टैपिंग और जासूसी का मुद्दा भी उठा। लोकसभा को भी 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया है। वहीं लखनऊ में भारत समाचार चैनल के कार्यालय व उनके घरों पर छापेमारी की विपक्षी दलों ने घोर निन्दा की है। आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह ने सरकार की इस कार्रवाई के खिलाफ कल शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

भास्कर ग्रुप पर दबिश के बाद कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि ये देश के सच को निर्भीकता से उजागर कर रहे मीडिया समूह को दबाने की कोशिश है। उधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि छापे मीडिया को डराने का प्रयास हैं।