2 उबले अंडों के लिए 1700 रुपए, मुंबई के इस होटल में हुआ कमाल!

Aug 11 2019

2 उबले अंडों के लिए 1700 रुपए, मुंबई के इस होटल में हुआ कमाल!

इंडिया इमोशंस न्यूज नई दिल्ली। अगर आपको ऐसा लगता है कि चंडीगढ़ के जेडब्ल्यू मेरियट होटल में दो केलों के लिए वसूले गए 442 रुपए बहुत ज्यादा हैं, तो आपको एक बार फिर से सोचने की जरूरत है। दरअसल, एक ट्विटर यूजर को मुंबई के फोर सीजन्स होटल में दो उबले अंडों के लिए 1,700 रुपए चुकाने पड़े। अभिनेता राहुल बोस के केला विवाद के बाद चंडीगढ़ के आबकारी एवं कराधान विभाग ने जेडब्ल्यू मेरियट होटल पर 25,000 रुपए जुर्माना लगाया था।

कार्तिक धर ने ट्विटर पर बिल की फोटो साझा की है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, फोर सीजन्स होटल में दो अंडों की कीमत 1700 रुपए। कार्तिक ने राहुल बोस को भी पोस्ट के कैप्शन में टैग किया है और लिखा है, भाई आंदोलन करें? ऑल द क्वींस मेन के लेखक द्वारा साझा बिल में यह दिखाई दे रहा है कि होटल ने दो आमलेट के लिए भी उनसे उतनी ही कीमत वसूली है।

वहीं होटल द्वारा इस विवाद पर बयान जारी करना बाकी है। पोस्ट पर एक यूजर ने लिखा है, इस अंडे के साथ सोना भी निकला है क्या? वहीं दूसरे ने कमेंट किया है, मुर्गी पक्का किसी अमीर घर की होगी।