नम आंखों से दी विदाई, अब रह गईं सिर्फ यादें, पंचतत्व में विलीन हुईं सुषमा स्वराज

Aug 07 2019

नम आंखों से दी विदाई, अब रह गईं सिर्फ यादें, पंचतत्व में विलीन हुईं सुषमा स्वराज

इंडिया इमोशंस न्यूज नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात यहां एम्स में निधन हो गया। वे 67 साल की थीं। सुषमा को दिल का दौरा पडऩे के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था, लेकिन कुछ ही देर बार उनका निधन हो गया। जैसे यह खबर आई केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, प्रकाश जावडेकर और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा एम्स पहुंचे। सुषमा ने अपने अंतिम ट्वीट में कश्मीर पर सरकार के कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि वे इस दिन का पूरे जीवनभर इंतजार कर रही थीं। सुषमा ने पिछला लोकसभा चुनाव लडऩे से इंकार कर दिया था।


LIVE UPDATE

- सुषमा स्वराज को राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई। पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन।

- सुषमा स्वराज के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे देश-विदेश के नेता।

- बेटी बांसुरी अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया कर रही हैं।

- लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर पहुंचा पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर।

- बीजेपी मुख्यालय से अंतिम यात्रा पर निकलीं सुषमा। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, रविशंकर प्रसाद और बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिया कंधा।

- अंतिम विदाई के वक्त पति स्वराज कौशल और बेटी बांसुरी काफी भावुक हो गए और उन्होंने सुषमा को सलाम भी किया।

- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जयाप्रदा, साक्षी महाराज, मनोहर लाल खट्टर, मनोज सिन्हा, महेश गिरी समेत कई बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि।

- बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्थिव शरीर पर BJP का झंडा रखा। बीजेपी शासित प्रदेश के कई मुख्यमंत्री, आम कार्यकर्ता सुषमा को दे रहे हैं श्रद्धांजलि।

- पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान से भाजपा मुख्यालय लाया गया।

- दिल्ली और हरियाणा के बाद उत्तराखंड में भी सुषमा स्वराज के निधन पर राजकीय शोक का ऐलान किया गया है।

- पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुषमा स्वराज के अंतिम दर्शन किए।

- भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने लिखा कि सुषमा का जाना देश के लिए एक बड़ी क्षति है, साथ ही व्यक्तिगत तौर पर उनके लिए एक बड़ी क्षति है।

- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सुषमा स्वराज एक प्रखर वक्ता, ओजस्वी एवं कुशल नेत्री के साथ-साथ विलक्षण प्रतिभा की धनी थी। देश हित एवं लोक-कल्याण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा।

- दिल्ली सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक का ऐलान किया है।

- राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंतिम दर्शन किए। जल्द पहुंचने वाले हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

- 3 बजे लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा।

- दोपहर 12 से 2.30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को पार्टी कार्यालय में रखा जाएगा।

- जंतर-मंतर स्थित उनके निवास पर सुबह 8 से 10.30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को रखा जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुषमा के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उनके कार्यकाल की तारीफ की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि एक बेहतरीन प्रशासक, सुषमाजी ने जितने भी मंत्रालय संभाले सभी में बेहतरीन काम किया और पैमाने तय किए। कई राष्ट्रों के साथ भारत के बेहतर संबंध स्थापित करने की दिशा में उन्होंने शानदार काम किया। एक मंत्री के तौर पर हमने उनकी भावुक छवि और मददगार छवि भी देखी।

उन्होंने विश्व के किसी भी कोने में मुश्किल में फंसे भारतीय लोगों की मदद की। एक और ट्वीट में प्रधानमंत्री ने लिखा, भारतीय राजनीति का शानदार अध्याय समाप्त हो गया। भारत एक बेहतरीन नेता के जाने पर दुखी होगा जिन्होंने अपना जीवन समाज की सेवा और गरीबों की जिंदगी को बेहतर बनाने की दिशा में बिताया। सुषमा जी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का कारण हैं।