प्रशासनिक फेरबदल में, 6 जिलों के डीएम व 4 मंडलों के आयुक्त बदले

Mar 03 2021

प्रशासनिक फेरबदल में, 6 जिलों के डीएम व 4 मंडलों के आयुक्त बदले
पंचायत चुनाव से पहले तबादलों का दौर

India Emotions, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले तबादलों का दौर लगातार जारी है। पंचायती राज विभाग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिलेवार आरक्षण की लिस्ट जारी कर दी है। आरक्षण सूची जारी होने के साथ ही योगी सरकार ने मंगलवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 IAS अफसरों के तबादले कर दिए हैं। 6 जिलों के डीएम व 4 मंडलों के आयुक्त बदले गए हैं। शासन ने रामपुर, बदायूं, चित्रकूट, बस्ती, देवरिया और कानपुर देहात के जिलाधिकारी बदल दिए हैं। इसी प्रकार प्रयागराज, बरेली, मेरठ और मुरादाबाद मंडलों के आयुक्तों के भी तबादले किए गए हैं।

इन तबादलों के जरिए चार मंडलों में नए आयुक्तों और जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती के साथ कई अन्य अफसर भी इधर-उधर किए गए हैं। शासन ने रामपुर, बंदायू, बस्ती, चित्रकूट, देवरिया और कानपुर देहात के जिलाधिकारी को बदल दिया है। इसी तरह प्रयागराज, मेरठ बरेली और मुरादाबाद मंडलों के आयुक्तों के भी ट्रांसफर किए गए हैं।

तबादले की कड़ी में राहत आयुक्त के पद पर तैनात संजय गोयल को प्रयागराज का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। प्रयागराज के मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार को इसी पद पर बरेली भेजा गया है।  रणवीर प्रसाद को बरेली के मंडलायुक्त पद से हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री के सचिव सुरेंद्र सिंह को मेरठ का मंडलायुक्त बनाया गया है। अनीता सी. मेश्राम को मेरठ के कमिश्नर पद से हटाया गया है।

इसी तरह रामपुर के जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह को मुरादाबाद का मंडलायुक्त बनाया गया है।  आंजनेय ने रामपुर के जिलाधिकारी के पद पर तैनाती के दौरान पूर्व मंत्री आजम खान व उनके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। रामपुर जिला मुरादाबाद मंडल में ही आता है। उनकी नियुक्ति वीरेंद्र कुमार सिंह के स्थान पर की गई है।

इसके अलावा अपर आवास आयुक्त दीपा रंजन को बदायूं का जिलाधिकारी बनाया गया है। मथुरा के नगर आयुक्त रविंदर मंदर रामपुर के नए जिलाधिकारी होंगे। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव व राज्य संपत्ति अधिकारी शुभ्रांत शुक्ला को चित्रकूट का जिलाधिकारी बनाया गया है। बस्ती के जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन को इसी पद पर देवरिया भेजा गया है।

दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी सौम्या अग्रवाल को बस्ती का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। मंडी निदेशक जे.पी. सिंह को कानपुर देहात का जिलाधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार को विशेष सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनाती दी गई है। विशेष सचिव ऊर्जा बी.के. सिंह को राज्य संपत्ति अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। इससे पहले योगी सरकार ने बीते दिनों 26 एडिशनल एसपी के तबादले किए थे।